पानीपत। पुराना औद्योगिक थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी से एक नवविवाहिता शादी के अगले ही दिन अपने फुफेरे भाई के साथ फरार हो गई। वह मायके में फेरा डालने आई थी और परिजनों से कपड़े दुकान पर देने का बहाना बनाकर चली गई। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया है। पुराना औद्योगिक थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी के रहने वाले युवक ने बताया कि उसकी बहन की शादी शनिवार को भाटिया कॉलोनी में हुई थी। शादी के बाद उन्होंने अपनी बहन की विदाई कर दी। रविवार को बहन रस्म के अनुसार मायके में फेरा डालने आई थी। शादी समारोह में उसका फुफेरा भाई श्रवण भी आया था। उसकी बहन सुबह 11 बजे सनौली रोड पर कपड़े की दुकान पर कुछ कपड़े वापस देने की बात कहकर घर से चली गई। वह श्रवण के साथ बाइक पर चली गई, लेकिन वे रातभर नहीं लौटे। घर वालों ने उनकी खूब तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।