पानीपत।शहर की तर्ज पर अब बाबरपुर मंडी के पास कचराैली गांव के 10 डेराें में 24 घंटे बिजली सप्लाई की सुविधा का लोगों को लाभ मिल सकेगा। यहां अब 63 केवीए का ट्रांसफार्मर और पोल लगवाए गए हैं। जिसका बजट हरियाणा विकास एवं पंचायत और सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) महिपाल ढांडा ने अपने निजी कोष से दिया है। इसके साथ ट्रांसफार्मर से लेकर डेरों तक करीब 15 खंभे और बिजली के तारों का खर्च भी मंत्री की ओर से दिया है। जिससे यहां के लोगों को बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। इसका शुभारंभ सोमवार को मंत्री के भाई हरपाल ढांडा ने किया है।
गौरतलब है कि अब तक इन डेराें में रहने वाले परिवाराें काे 24 घंटाें में से मात्र 8-8 घंटे की ही बिजली सप्लाई मिल रही थी। सभी डेराें की बिजली सप्लाई खेताें की लाइन से ही जुड़ी थी। जिससे कम बिजली मिल रही थी। गर्मी में इनका जन जीवन अस्त व्यस्त हो चुका था। इसे देखते हुए राज्यमंत्री ने यहां निजी कोष से बिजली उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है।
कचराैली गांव के सरपंच साहब सिंह, डेरा निवासी त्रिलाेचन और निवासी पंजाब सिंह समेत अन्य लोगों का कहना है कि वे काफी लंबे समय से बिजली की मांग करते आ रहे थे। अब राज्यमंत्री महिपाल ढांडा ने उनकी मांग को पूरा किया है। उन्होंने 63 केवीए ट्रांसफार्मर, एलटी लाइन की तार और 15 खंभे भी खुद ही लगवाए हैं। अब बेहतर बिजली सप्लाई मिलेगी।