पानीपत। गांव पल्हेड़ी में पुलिस की मुखबिरी के शक में बदमाशों ने एक परिवार पर चाकू, गंडासी और सरिये से जानलेवा कर दिया। बदमाशों ने पहले घर में घुसकर पिता और उसके बेटों पर हमला किया फिर ड्यूटी से लौट रहे पोते का अपहरण कर बेरहमी से पीटने के बाद अधमरी हालत में खोतपुरा के पास खेत में फेंक कर फरार हो गए। घायलों का आरोप है कि बदमाशों ने घर में तोड़फोड़ की है और फोन और करीब 47 हजार रुपये नकदी लूटकर फरार हो गए है। सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस ने विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव पल्हेड़ी निवासी किसान राजेश ने बताया कि 17 सितंबर को दिन में करीब 3-4 बजे वह अपने खेत में जा रहा था। रास्ते में रोहित, मोहित, संजय, बबला, मुकुल, अतुल खड़े थे। उन्होंने उसे देखते ही अपशब्द कहने शुरू कर दिए। झगड़े को भांपते हुए वह वापस अपने घर में आ गया। कुछ देर बाद ये सभी एकत्र होकर लाठी-डंडों और चाकुओं से लैस होकर उसके घर पहुंच गए, जहां उन्होंने घर के खिड़की-दरवाजे तोड़ने शुरू कर दिए। आरोपी दरवाजा तोड़ कर अंदर घुस गए और जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने भाई नरेश और पिता दयाराम पर भी चाकू और डंडों से हमला किया। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और 800 रुपये भी छीन लिए। इसके बाद बदमाश उसके भाई मुकेश की दुकान में घुस गए। जहां उन्होंने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करके करीब 46 हजार रुपए लूट लिए।
राजेश ने बताया कि उसका बेटा अरुण खोतपुरा सीएससी में कार्यरत है। वह ड्यूटी से घर आ रहा था। आरोपियों ने उस पर हमला करने के बाद रास्ते में गाड़ी अड़ाकर बेटे को भी रोक लिया और अपहरण कर लिया मारपीट कर अधमरे हाल में खोतपुरा के पास फेंककर फरार हो गए। आरोप है कि आरोपी बेटे की जेब से भी 1400 रुपये भी निकालकर फरार हो गए। बदमाश धमकी देकर गए हैं कि पुलिस में शिकायत दी तो जान से मार देंगे।
राजेश ने बताया कि सभी आरोपी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं। उन्हें गुरुग्राम समेत कई जिलों की पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों को शक है कि वह पुलिस को उनकी मुखबिरी करते हैं, जिसके चलते वह गांव में भी पूरे परिवार को जान से मारने का एलान कर चुके थे और मौके की तलाश में थे।
हमले में परिवार के पांचों सदस्यों को गंभीर चोट लगी। पिता दयाराम को सिर में छह टांके लगे हैं। वहीं राजेश की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजेश की रीढ़ की हड्डी में चाकू से हमला किया गया है। वहीं पैर पर गंडासी और पसलियों में सरिये मारे गए हैं।
वर्जन
पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी है। जो भी दोषी होगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
- दीपक कुमार, सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी