समालखा। राजा गार्डन में शुक्रवार को पहुंचे हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन डॉ. भोपाल सिंह ने कहा कि नौकरी लगवाने को लेकर मेरे पास भी ऑफर आए थे। दबाव भी डाले गए, लेकिन मैं विचलित नहीं हुआ। हरियाणा में माफिया सक्रिय हैं, जिसे पहले वाली सरकार का संरक्षण प्राप्त था। इसलिए वह चेयरमैन तक भी पहुंचना चाहता है। कहीं न कहीं सेटिंग हो जाए, उनका काम चलता रहे। हम ईमानदारी के साथ काम करना चाहते हैं। हमें खामियाजा भले भुगतना पड़े।
उन्होंने कहा कि जो युवा परीक्षा दे रहे हैं, वे मेहनत से तैयारी करें। किसी के धोखे और बहकावे में न आएं। पूर्व आयोग सदस्य सत्यवान शेरा के मामले पर उन्होंने कहा कि हम कोई क्लीन चिट नहीं दे रहे हैं। अगर दोषी हैं तो पुलिस कार्रवाई करे। जांच प्रभावित न हो, इसलिए उन्हें पद से हटाया गया। सीएम ने खुद कहा है कि अगर चेयरमैन भी शामिल हैं तो भी कार्रवाई होनी चाहिए। इस सरकार में खर्ची-पर्ची नहीं चली। काफी बदलाव हुआ है। आज एक मजदूर का बेटा भी सब इंस्पेक्टर बन रहा है, जो कल्पना भी नहीं कर पाता था। योग्यता के आधार पर नौकरी लग रही है। वर्ष 2002 एवं 2004 की एचसीएस की भर्ती में धांधली की गई थी। मेहनती बच्चों को इंटरव्यू में कम नंबर दिए गए थे। किसी मंत्री एवं विधायक के भाई-बेटे या रिश्तेदार को नौकरी देने से बड़ा अन्याय क्या होगा। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा को अपने स्वार्थ की बलि चढ़ा दी। पेपर लीकेज मामले पर कहा कि 24 मार्च 2021 में चेयरमैन बना था। सात एवं आठ अगस्त को पुलिस का पेपर लीक हुआ। उसके बाद कोई घटना नहीं हुई। अब दो सेट होते हैं तो एक लीक होने पर दूसरा खोल देते हैं। इसे पूरी तरह से खत्म किया गया है। पुलिस भर्ती पर 24 से 28 अक्तूबर की तारीख लगी है। एक्सपर्ट अपनी रिपोर्ट देंगे। स्टे हटने की पूरी उम्मीद है।
चेयरमैन ने कहा कि आने वाले समय में बंपर भर्तियां निकलेंगी। अगले छह माह में 50 हजार नौकरियां देंगे। इस मौके पर भाजपा से यूपी के सहारनपुर के गंगोह विधायक कीरत सिंह, सतपाल सिंह, भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण छौक्कर, रमेश छौक्कर, नरेश छौक्कर, रामपाल चुलकाना, राजेंद्र, नरेश राठी, अनिल, हरदीप मौजूद रहे।