पानीपत। एसडी पीजी कॉलेज में वर्ल्ड रेडक्रॉस और रेड क्रिसेंट-डे को मानव सेवा के जज्बे और पावन भाव के साथ मनाया गया। कॉलेज वाईआरसी की अगुआई में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 60 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और मानव सेवा की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय संस्था में मन से कार्य करने की शपथ उठाई। उनके साथ एनएसएस स्वयंसेवक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा, वाईआरसी काउंसलर डॉ. पवन कुमार, एनएसएस अधिकारी डॉ. राकेश गर्ग और प्रो. मनोज ने की। आकर्षण का केंद्र प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा का वक्तव्य रहा जिसने एनएसएस और वाईआरसी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए उनमें नए जोश का संचार किया।
इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका थीम हम जो कुछ भी करते हैं वह दिल से होता है रहा। प्रतिभागियों ने रंग-बिरंगे पोस्टर बनाए। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में बीकॉम तृतीय से सौरभ ने प्रथम, बीए तृतीय से भारती ने द्वितीय तथा बीकॉम तृतीय से खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने सभी कार्यकर्ताओं को निस्वार्थ भाव से मानव सेवा करने की शपथ दिलाई। वर्ल्ड रेडक्रॉस-डे के अवसर पर कॉलेज में पौधरोपण कर विभिन्न किस्मों के पौधे भी लगाए गए जिनमें फलदार पौधे भी शामिल थे। इस अवसर पर डॉ. एसके वर्मा, डॉ. मुकेश पुनिया, प्रो. इंदु पूनिया, दीपक मित्तल व चिराग सिंगला मौजूद रहे।