नूंह कांड के बाद पानीपत में बुधवार को सभी बाजार बंद रहे। हिंदू संगठन व विश्व हिंदू परिषद सिविल अस्पताल में अभिषेक के परिजनों के साथ खड़ा है। संगठनों ने अभिषेक की हत्या पर रोष जताया और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
सांसद संजय भाटिया, उपायुक्त वीरेंद्र कुमार दहिया, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत परिजनों के बीच पहुंचे। अभी परिजनों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक चल रही है। यह बैठक लगातार तीन घंटे से चल रही है। पानीपत में धारा 144 लागू है, इसके चलते किसी प्रकार का जुलूस नहीं निकाला जा रहा है।
डीसी पानीपत के अनुसार
उपायुक्त वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि धारा 144 के चलते चार और इससे अधिक व्यक्ति एक जगह खड़ा नहीं हो सकते। किसी तरह के नियमों को तोड़ने वाले के खिलाफ 188 के तहत कार्यवाही की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था सामान्य है। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर है। सिविल अस्पताल समेत अन्य स्थानों पर पुलिस बल तैनात है और संदिग्ध लोगों पर निगाह रखे हुए हैं। पानीपत में फ्लैग मार्च शुरू किया है।