पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल, समालखा सामान्य अस्पताल व सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को रेबीज के इंजेक्शन लगेंगे। इमरजेंसी वार्ड में ये इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में लगभग 300-300 रेबीज इंजेक्शन भेजे गए हैं। जिला नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में फिलहाल 500 इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं, जहां इंजेक्शन ओपीडी बंद होने के बाद ही लगेगा। इससे रविवार को रेबीज के इंजेक्शन नहीं लगाए जा रहे थे। इस संबंध में कई बार शिकायत सिविल सर्जन के पास पहुंची थी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को सातों दिन रेबीज के इंजेक्शन लगाने के निर्देश दिए हैं।
जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन रेबीज के नए व पुराने लगभग 80-90 मरीज आते हैं। ओपीडी के बाद अगर कोई रेबीज का मरीज आता था तो उसे अलगे दिन इंजेक्शन के लिए बुलाया जाता था। रविवार को पूरा दिन यह सेवा बंद रहती थी। जिले के किसी भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध नहीं है। सिर्फ जिला नागरिक अस्पताल व समालखा सामान्य अस्पताल में ही रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध थे। अब पहली बार सभी सातों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
अब रेबीज विंग को किया गया ऑनलाइन
जिला नागरिक अस्पताल की रेबीज विंग अकसर विवादों में रही है। यहां कर्मचारियों पर पैसों में घपला करने के आरोप लगते रहे हैं। एक वैक्सीन की फीस 100 रुपये है। कई बार आरोप लगे कि कर्मचारियों ने वैक्सील लगाकर कर्मचारी को स्लिप नहीं दी और पैसे अपनी जेब में डाल लिए। अब यहां पेमेंट ऑनलाइन कर दी गई है। मरीज को वैक्सीन ऑनलाइन पेमेंट के बाद ही लग रही है।
वर्जन-
जिला सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि रेबीज की सुविधा 24 घंटे सातों दिन रहेगी। फील्ड में भी रेबीज की वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है। इस संबंध में सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।