पानीपत। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टरों के ग्रीन बेल्ट एरिया पर हाे रहे अवैध कब्जों से बचने और इनको रोकने के लिए अब एचएसवीपी के अधिकारियों ने इनके ‘ग्रीन बेल्ट एरिया’ को हरा-भरा करने का फैसला लिया है। इसकी जिम्मेदारी रोहतक एचएसवीपी कार्यालय ने बागवानी विभाग को दी है। जिसके बाद विभाग की ओर से शहर के छह सेक्टरों की‘ ग्रीन बेल्ट एरिया’ को एक साथ हरा भरा करने का निर्णय लिया है।
इसके लिए इन सेक्टरों की ग्रीन बेल्ट में पेड़-पौधे, हरी भरी घास, झाड़ीदार घास वाले मैदान तक बनाए जाएंगे। इसके अलावा यहां लगाए जाने वाले पेड़-पौधों की देखभाल के समेत इनमें पानी और खाद देने का काम भी होगा। इस प्रोजेक्ट पर बागवानी विभाग करीब 47 लाख रुपये खर्च करने का प्लान बना रहा है। इसके लिए विभाग की ओर से निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। जिसमें एक साल तक इस काम की जिम्मेदारी किसी भी योग्य एजेंसी को दी जाएगी। सेक्टरों की ग्रीन बेल्ट को हरा भरा रखने के लिए रोहतक प्रशासक कार्यालय के बागवानी विभाग की ओर से सेक्टर 7-8, 18-19 और 24 के साथ सेक्टर 29 के सीईटीपी प्लांट एरिया को भी शामिल किया है। यहां पर ग्रीन बेल्ट में पेड़-पौधे और घास लगाई जाएगी। इसके अलावा 44.53 लाख रुपये से सेक्टर 7 स्थित ताऊ देवी लाल पार्क, सेक्टर 29 में रॉ-वॉटर, सेक्टर 12 का एरिया को भी शामिल किया गया है। यहां सफाई के साथ पेड़-पौधे और घास लगाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार इससे पहले सेक्टर 6 की ग्रीन बेल्ट एरिया में सैकड़ों करोड़ की जमीन का फर्जीवाड़ा सामने आ चुका है। जिस पर कार्रवाई पंचकूला मुख्यालय की ओर से की जा रही है। इसके अलावा भी कई सेक्टरों में एचएसवीपी की ग्रीन बेल्ट की जमीन पर अवैध कब्जे हो चुके हैं। इस जमीन को मुख्य रूप से हरियाली के लिए आरक्षित किया जाता था लेकिन अब इन पर लगातार अवैध कब्जे हो रहे हैं। इनको रोकने और हरियाली को बरकरार रखने के लिए विभाग की ओर से ये काम किया जा रहा है।