पानीपत। हरियाणा बिजली वितरण निगम ने हरियाणा बेस्ट रीडिंग एप से मासिक बिल का विकल्प चुन सकते हैं। निगम ने पंचकुला और करनाल में एक फरवरी से एक मार्च तक मासिक बिल लेने शुरू कर दिए हैं। जिससे उपभोक्ताओं के लिए बिल का भुगतान करना सरल हो गया है। कृषि क्षेत्र को छोड़कर अन्य उपभोक्ता कामर्शियल और घरेलू अपने एप के जरिए अपने मासिक बिल का विकल्प चुन सकते हैं। बिजली निगम ने मुख्यालय से पत्र जारी कर सभी जिलों के एसई को उपभोक्ताओं में एप के संबंध में जागरूक करने के दिशा निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार बिजली निगम के कर्मचारी उपभोक्ताओं के मोबाइल में एप डाउनलोड कर इसके बारे में जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। विकल्प में बताया गया है कि जिन उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर लगे हुए हैं उन्हें रीडिंग अपलोड करने की जरूरत नहीं हैं। खाता नंबर भरने पर एप अपने आप रीडिंग उठा लेगा और उपभोक्ता को उसका बिल दिखा देगा, जिससे उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार उस बिल की अदायगी उसी समय कर सकता है। जिन उपभोक्ताओं के अभी तक स्मार्ट मीटर नहीं लगे हैं उन उपभोक्ताओं को एप के जरिए रीडिंग अपलोड करनी पड़ेगी और अपनी सुविधानुसार मासिक या दो मासिक बिलों का विकल्प चुन सकते हैं। यह उपभोक्ताओं के लिए आसानी होगी।
सब अर्बन डिविजन के एक्सईएन आदित्य कुंडू ने बताया कि कई बार किसी उपभोक्ता को दो महीने का बिल भरने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। ज्यादा रकम होने पर वह सोचता था कि अगले महीने भर देंगे, लेकिन इससे उपभोक्ता का बिल बढ़ता जाता था। अब उपभोक्ता हर महीने अपना बिल की अदायगी कर सकता हैं और हर महीने उससे ज्यादा बोझ भी नहीं पड़ेगा। सर्कल के सभी एसडीओ और कर्मचारियों को उपभोक्ताओं को इस एप के जरिए जागरूक करने के लिए कहा गया है।