पानीपत। नगर निगम के ठेकेदार से लारेंस बिश्नोई के नाम पर 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले का अभी पटाक्षेप भी नहीं हुआ कि चिट्ठी भेजकर 25 लाख की रंगदारी मांगने के एक और मामले ने औद्योगिक नगरी में खलबली मचा दी है। ताजा मामला पुराना औद्योगिक थानाक्षेत्र का है। इसमें आरोपी ने छह दिसंबर तक रुपये तैयार करने की मोहलत दी है। इसके बाद परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी है।
पानीपत में रंगदारी मांगने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पुराना औद्योगिक थाने की पुलिस को दी शिकायत में हरिनगर सिंधू फार्म निवासी रविंद्र पाल सिंह उर्फ गोल्डी ने बताया कि उनके पड़ोस में फुलेसर यादव रहता है। उसे किसी ने दो दिसंबर को शाम सात बजे एक चिट्ठी सरदार जी के नाम से दी। फुलेसर ने चिट्ठी पढ़ी तो उसमें 25 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। रुपये न देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। चिट्ठी में लिखा है कि छह दिसंबर को केरूट पार कर गुरुद्वारे की दूसरी तरफ पैलेस के साथ टूटे कमरे में रुपये रखकर चुपचाप वापस चले जाना। भुक्तभोगी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
धमकी भरी चिट्ठी के बाद पूरा परिवार दहशत में है। घर के सदस्य बाहर निकलने में हिचक रह हैं। भुक्तभोगी रविंद्र पाल ने बताया कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। चिट्ठी भेजने वाला कौन है, वह नहीं जानता।
पानीपत में इससे पहले भी चिट्ठी भेजकर रंगदारी मांगी जा चुकी है। सनौली रोड स्थित किराना दुकानदार राजेश और उसके दो भाइयों से बदमाश ने जुलाई 2022 में दुकान में चिट्ठी फेंककर तीन करोड़ की रंगदारी मांगी थी। आरोपी ने रुपये तैयार करने के लिए 23 दिन का समय दिया था। पुलिस आज तक इस वारदात को ट्रेस नहीं कर पाई। इस घटना के एक सप्ताह बाद ही विद्यानंद कॉलोनी में दुकानदार सुंदर को चिट्ठी भेजकर 20 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। चिट्ठी के ऊपर सोपू ग्रुप की फोटो लगी थी। हालांकि पुलिस ने इस वारदात को ट्रेस कर लिया था। इसमें पड़ोसी ही शामिल था।
नगर निगम के ठेकेदार राजीव दहिया से बदमाश ने एक दिन पूर्व ही व्हाट्सएप कॉल कर खुद को लारेंस बिश्नोई का आदमी बताकर 50 लाख की रंगदारी मांगी है। बदमाश ने रुपये तैयार करने के लिए चार दिन का समय दिया है। रुपये न मिलने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी है। इस मामले में सेक्टर 29 थाने की पुलिस जांच कर रही है।
इस मामले में शिकायत मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चिट्ठी किसने दी, इसकी जांच में पुलिस टीम जुटी हुई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- नरेंद्र कुमार, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी