समालखा। समालखा अनाज मंडी स्थित किसान विश्राम गृह को कब्जा मुक्त कराने के लिए मार्केट कमेटी ने किसान नेता सुरेंद्र उर्फ सोनू वासी शहर मालपुर को नोटिस देकर किसान भवन को खाली करने के आदेश दिए हैं। खाली न करने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
समालखा मार्केट कमेटी सचिव सविता जैन ने बताया कि मार्केट कमेटी के प्रशासक एवं एसडीएम समालखा द्वारा पिछले दिनों मंडी निरीक्षण के दौरान किसान नेता सुरेंद्र उर्फ सोनू मालपुरिया को मार्केट कमेटी कार्यालय बुलाकर किसान विश्राम गृह को खाली करने को कहा गया था। उन्हीं आदेशों का पालन करते हुए कमेटी द्वारा मंगलवार को नोटिस दिया गया। जिसमें बुधवार तक किसान भवन को खाली करना था। कमेटी सचिव सविता जैन ने बताया कि उन्होंने यथास्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया है। उधर किसान भवन में मौजूद किसान नेता सुरेंद्र उर्फ सोनू मालपुरिया ने बताया कि यह किसान भवन किसानों के विश्राम के लिए बनाया गया है। यहां सिर्फ किसान रहते हैं। वे तो यहां केवल किसानों से मिलने के लिए आते हैं।