पानीपत। पंचायती चुनाव के लिए शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन जिला परिषद के चुनाव में एक व्यक्ति ने नामांकन भरा, जबकि सरपंच पद की दावेदारी के लिए तीन महिलाओं ने परचे भरे हैं।
गांव भालसी से दसवीं पास सतबीर सिंह ने जिला परिषद में वार्ड नंबर दो से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भरा है। ये सीट सामान्य के लिए निर्धारित की जा चुकी है। दूसरी ओर सरपंच पद के लिए पानीपत, समालखा और बापौली ब्लॉक से तीन महिलाओं ने नामांकन पत्र भरे हैं। इनमें बापौली ब्लॉक के गांव जालपाड़ से स्नातक पास मीना ने नामांकन भरा है। यह सीट बीसी-ए के लिए निर्धारित है। पानीपत ब्लॉक के गांव रजापुर से 12 वीं पास कलजिंद्र कौर ने भी नामांकन भरा है। ये सीट सामान्य वर्ग के लिए रिजर्व है। समालखा ब्लॉक के गांव वजीरपुर टिटाना से 12 वीं पास मुनेश देवी ने नामांकन भरा है। ये सीट बीसी-बी महिला के लिए आरक्षित है। अभी नामांकन प्रक्रिया 19 अक्तूबर तक चलेगी, लेकिन रविवार के दिन छुट्टी रहेगी। रोजाना सुबह दस बजे से लेकर शाम तीन बजे तक नामांकन भरे जाएंगे। एक दिन में पांच घंटे का समय मिलेगा। इस हिसाब से बचे हुए चार दिनों में प्रत्याशियों के पास नामांकन के लिए केवल बीस घंटों का ही समय शेष है।
सचिवालय में दूसरी मंजिल पर स्थित डीडीपीओ कार्यालय के सामने ही प्रशासन की ओर से हेल्पडेस्क लगाया गया है। यहां जिला परिषद के चुनाव में भाग लेने वाले प्रत्याशी नजर आए, जिनको हेल्प डेस्क कर्मचारी जानकारी दे रहे थे कि जिला परिषद के लिए ग्रांउड फ्लोर में नामांकन भरे जा रहे हैं। पंचायत समितियों के लिए जिले के छह ब्लॉक में बीडीपीओ कार्यालय निर्धारित किए गए थे। इनके अलावा ग्राम स्तर पर सरपंच और पंच के लिए व्यवस्था बनाई गई है। नामांकन इनके कार्यालयों से प्राप्त किया जा सकता है और चुनाव आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। ध्यान देने योग्य ये है कि नामांकन केवल नए फार्म में ही और पूरा भरा होना चाहिए।