पानीपत। जिले में एनएमएमएस राष्ट्रीय साधन व योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह परीक्षा 20 नवंबर को आयोजित होगी। परीक्षा के लिए जिले भर में चार केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 976 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। वहीं प्रदेश के 118 परीक्षा केंद्रों पर 34109 विद्यार्थी छात्रवृत्ति परीक्षा देंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र में 250 से 300 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को 48 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
शिक्षा विभाग की ओर से एनएमएमएस की परीक्षा का आयोजन करवाया जा रहा है। इसके लिए विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। विद्यार्थियों की यह परीक्षा मानसिक व बौद्धिक स्तर पर ली जाएगी। परीक्षा तीन घंटे तक चलेगी। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक रहेगा। परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पहले विद्यार्थियों को केंद्र पर रिपोर्ट करनी होगी। परीक्षा के लिए राजकीय वमावि के प्राचार्य सुभाष चंद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है जबकि स्कूल प्राचार्य को ही इंचार्ज नियुक्त किया गया है। इस परीक्षा के लिए विद्यार्थी के सातवीं में 55 फीसदी अंक होने अनिवार्य है। वहीं 8वीं की पढ़ाई सरकारी स्कूल में कर रहा हो।
परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था बनाए जाने संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा से करीब आधा घंटा पहले ही प्रवेश शुरू किया जाएगा। वहीं परीक्षा में बैठने वाले विद्यार्थियों के लिए हिदायतें वेबसाइट पर जारी की गई हैं। परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र में दिए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर उनका पालन करना सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि एनएमएमएस एक योग्यता परीक्षा है। इस परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की योग्यता को जांचा जाएगा। इसके बाद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस परीक्षा को पास करने के बाद विद्यार्थियों को 4 साल तक छात्रवृत्ति मिलेगी। विद्यार्थी को प्रति माह एक हजार रुपये दिए जाएंगे। इस छात्रवृत्ति से विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
बॉक्स
जारी किए जा चुके एडमिट कार्ड
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से बीते सप्ताह एनएमएमएस परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। प्रवेश-पत्र आधिकारिक वेबसाइट बीएसईएच.ओआरजी.इन और एससीईआरटीहरियाणा.जीओवी.इन पर उपलब्ध हैं। एडमिट कार्ड उपलब्ध होने के बाद उम्मीदवार अपना आवेदन संख्या, जन्म तिथि, आधार कार्ड नंबर और अन्य क्रेडेंशियल दर्ज करके प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
इन केंद्रों पर होगी एनएमएमएस की परीक्षा-
- आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जीटी रोड, पानीपत।
- एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जीटी रोड, पानीपत।
- बीएल पब्लिक स्कूल, कृष्णपुरा, पानीपत।
- राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाऊन, पानीपत।
वर्जन-
- जिला मुख्यालय में एनएमएमएस की परीक्षा आयोजित की जा रही है। ये परीक्षा 20 नवंबर को शहर के चार सेंटरों पर आयोजित होगी। इस दौरान करीब 976 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इस परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को 4 साल तक छात्रवृत्ति दी जाएगी।
- कुलदीप दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।