पानीपत। पंजाब में किसान ट्रैक जाम कर आंदोलन कर रहे हैं। इसका प्रभाव रेल सेवाओं पर पड़ रहा है। मंगलवार को पंजाब की ओर जाने वाली नौ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से छह घंटे देरी से पहुंचीं। ऐसे में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री बार-बार पूछताछ केंद्र पर पहुंच रहे थे। गर्मी में ट्रेन लेट होने से यात्री हलाकान रहे। पंजाब से आने व जाने वाली ट्रेन दोपहर में लेट होना शुरू हुईं। इसके बाद देर शाम तक ट्रेनों का देर से पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पानीपत रेलवे स्टेशन के जानकारों के अनुसार ऊंचाहार एक्सप्रेस 25 मिनट, दिल्ली एसएफ एक्सप्रेस पांच घंटे, दिल्ली निरंकारी संत समागम स्पेशल एक्सप्रेस 55 मिनट, मालवा एक्सप्रेस 3:27 घंटे, मुंबई सीएसएमटी एक्सप्रेस 4:13 घंटे, स्वराज एक्सप्रेस 2:26 घंटे, नेताजी एक्सप्रेस दो घंटे, जम्मू मेल 16 मिनट व जम्मू तवी 6:19 घंटे लेट रही।