पानीपत। स्वास्थ्य विभाग डेंगू के बढ़ रहे खतरे को लेकर चिंतित है। औसतन 90 सैंपल की जांच में 9-10 से अधिक डेंगू की रिपोर्ट मिल रही है। मंगलवार को हुई 90 सैंपल की जांच में डेंगू के नौ नए केस मिले। इनमें दो महिला शामिल हैं। इन नौ केस में से सात केस शहर की बाहरी कॉलोनियों में मिले हैं। अब तक जितने भी डेंगू के केस मिले हैं उनमें लगभग 70 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्रों व बाहरी कॉलोनियों में मिले हैं। इसका बड़ा कारण यहां एंटी लार्वा एक्टिविटी का धीमा होना है।
डेंगू रोगियों के मिलने का प्रतिशत 11 से अधिक है। मंगलवार को आजाद नगर में 13 साल के बच्चे, ब्राहम्ण माजरा गांव में 65 साल के पुरुष, महादेव कॉलोनी में 59 साल के अधेड़, फ्लौरा चौक क्षेत्र में 53 साल के अधेड़, किशनपुरा में 32 साल की महिला, शिवनगर में 53 साल के अधेड़, मनमोहन नगर में 27 साल के युवक, अशोक नगर में 24 साल के युवक व किशनपुरा में 25 साल की युवती की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इनमें से चार का इलाज जिला नागरिक अस्पताल व बाकी का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। गौरतलब है कि जहां डेंगू के रोगी मिले हैं वहां पर अब स्वास्थ्य विभाग एंटी लार्वा एक्टिविटी चला रहा है। यहां 312 से अधिक बुखार पीड़ितों के ब्लड स्लाइड बनाई गई है। लगभग 350 मकानों में लार्वा जांचा गया है। यहां सात स्थानों पर डेंगू का लार्वा मिला। जिला नागरिक अस्पताल में डेंगू के 19 संदिग्ध रोगी दाखिल हैं। इनमें से 12 के मंगलवार को सैंपल लिया गया है। जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार को 70 बुखार के मरीजों के सैंपल लिए गए हैं।
बॉक्स
बुखार के 410 रोगी पहुंचे
शहर मौसमी बीमारियों की चपेट में है। लगभग हर घर में बुखार के मरीज हैं। 90 निजी अस्पतालों व 28 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की प्रतिदिन की ओपीडी आठ हजार से अधिक हो रही है। प्रतिदिन स्वास्थ्य केंद्रों में बुखार के 1500- 2000 मरीज पहुंच रहे हैं। मंगलवार को जिला नागरिक अस्पताल में 1522 ओपीडी हुई है। इनमें से 410 से ज्यादा ओपीडी वायरल फीवर की हो रही है। जांच के लिए आ रहे हर तीसरे मरीज में डेंगू व मलेरिया के लक्षण मिल रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू मलेरिया की जांच की जा रही है। जिन मरीजों में बुखार के साथ साथ , शरीर में दर्द, थकान व सर्दी लगने जैसे लक्षण हैं उनके टेस्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बॉक्स
साल दर साल डेंगू के मरीज
साल- मरीज
2020- 274
2021- 287
2022- 296
2023- 351
2024- अब तक 147
वर्जन :
उप सिविल सर्जन डॉ. सुनील संडूजा ने बताया कि डेंगू का खतरा लगातार बरकरार है। हमने मार्च में ही एंटी लार्वा एक्टिविटी शुरू कर दी थी। दूसरे जिलों के मुकाबले पानीपत में डेंगू के कम रोगी मिल रहे हैं। मंगलवार को डेंगू के 09 केस मिले हैं। यहां पर लोगों की जांच कराई जा रही है। बुखार से पीड़ित लोगों की स्लाइड तैयार की जा रही है। नगर निगम व जिला पंचायती राज विभाग अपने अपने क्षेत्र में फॉगिंग कर रहे हैं। पूरे जिले में एंटी लार्वा एक्टिविटी चलाई जा रही है। लोगों से अपील है कि वह डेंगू के खिलाफ जागरूक हों।