इसराना। फर्जी रजिस्ट्री व दस्तावेज के सहारे जमीन का सौदा कर नौ लाख रुपये ऐंठने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत तीन पर केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में विजय कुमार निवासी शिव नगर पानीपत ने बताया कि वह मांजील कॉन्ट्रैक्ट कंपनी लिमिटेड में डायरेक्टर हैं। वर्ष 2019 में उसकी जान पहचान बुआना लाखु में सुनीता और लहणा सिंह से हुई थी। उन्होंने उसे राजदुलारी से मिलवाया। बुआना लाखु में एक जमीन के टुकड़े को खरीदने की बात हुई। जमीन में अपनी हिस्सेदारी बता उसे जो जमीन दिखाई गई थी, उसके फर्जी रजिस्टरी व दस्तावेज तैयार कर उसे दिखाए गए। फर्जी रजिस्टरी व दस्तावेजों के सहारे आरोपियों ने उससे नौ लाख रुपये की ठगी की। उसे आज तक जमीन पर कब्जा नहीं मिल पाया। करीब दो माह पूर्व उन्होंने आरोपियों से अपने दस्तावेज और दिए गए नौ लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे झूठे मामले में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने विजय कुमार की शिकायत पर सुनीता देवी, लहणा सिंह व राजदुलारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। संवाद