पानीपत। ठप निकासी और जलभराव की समस्या से जूझ रहे न्यू खादी कॉलोनी के लोगों का बुधवार को शहर के नेताओं पर गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सांसद, शहर विधायक, मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और पार्षद के विरोध में उनके फोटो के साथ पोस्टर बैनर तक छपवा दिए। इसमें इन सभी नेताओं से अनुरोध करते हुए लिखा गया है कि आप लोग इस कॉलोनी में वोट मांगने न आएं। आपके पिछले साल दिए गए झूठे आश्वासन और वादों की वजह से हम बाढ़ से जूझ रहे हैं। हमें आप जैसे नेताओं की जरूरत नहीं है।
एक अन्य पोस्टर में कॉलोनी के लोगों ने इन पांचों नेताओं के फोटो लगाकर लिखा है कि लावारिस कॉलोनी में आपका स्वागत है। तीसरे पोस्टर में लोगों ने कॉलोनी की जलभराव की तस्वीर लगाई और लिखा कि हाली झील के पास बनी एक और झील। इनके अलावा एक अन्य पोस्टर में लोगाें ने कॉलोनी की जलभराव की तस्वीर साझा करते हुए लिखा है कि ये विकास है या बकवास है। न्यू खादी कॉलोनी के लोगों का इस प्रकार से विरोध जताना शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
लोगों का कहना है कि वे पिछले काफी समय से वार्ड में ठप निकासी और इससे होने वाले जलभराव की समस्या से परेशान हैं। यह समस्या वे इन सभी नेताओं से साझा कर चुके हैं। पिछले साल भी इन नेताओं ने इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था, जिसका समाधान एक साल बाद भी नहीं हो सका। हालात ये हैं कि कॉलोनी के लोग पानी में बिना भीगे घर से बाहर तक नहीं निकल सकते। चारों ओर पानी ही पानी भरा रहता है। इस बारे में फिर से नेताओं को समस्या से अवगत कराया, लेकिन जब समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने अलग अंदाज में इसका विरोध जताया।