मतलौडा। गांव सींक के पास हांसी बुटाना नहर में मामा के साथ नहा रहे भांजे की डूबने से मौत हो गई। वह अपने मामा का हाथ पकड़कर नहा रहा था। इस बीच उसका हाथ छूट गया। भांजे का शव भिवानी के पास नहर में मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं दूसरी और गांव उरलाना में अपने मामा के घर छुटि्टयों में आया युवक भी नहर में बह गया। अब तक उसका सुराग नहीं लगा है। पुलिस व गोताखोर युवक की तलाश कर रहे हैं।
उरलाना चौकी प्रभारी एसआई दीपक कुमार ने बताया कि शनिवार को गांव अलूपुर निवासी अतुल अपने मामा के साथ गांव खेड़ी में जा रहा था। रास्ते में दोनों ने गांव सींक के पास नहर में नहाने लगे। इस दौरान मामा से अतुल का हाथ छूट गया। अतुल को तैरना नहीं आता था। वह नहर में बह गया। पुलिस व गोताखोर दो दिन से अतुल की नहर में तलाश कर रहे थे। सोमवार को भिवानी के पास उसका नहर में शव मिला।
वहीं दूसरी ओर रविवार को गर्मियों की छुटिट्यों में अपने मामा के घर गांव उरलाना में आया अमन नहर में नहाने गया था। वहां नहर में बह गया। साथ युवकों ने गांव में इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने पुलिस को इस संबंध में सूचना दी । पुलिस व गोताखोर अमन की तलाश कर रहे हैं लेकिन उसका भेद नहीं लगा ।