पानीपत। कॉमनवेल्थ गेम्स-2022 का इंतजार खत्म होने को है। इसी महीने की 28 तारीख से इंग्लैंड के बरमिंघम में कॉमनवेल्थ गेम्स होने जा रहे हैं। खेल विभाग ने हरियाणा के सभी खेल फेडरेशनों से खिलाड़ियों की सूची मांगी है, जिन्हें कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भेजा जाएगा। सभी विभागों से सूची आने के बाद खेल विभाग प्रदेश से कॉमनवेल्थ गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी करेगा।
हरियाणा के खिलाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स में देश को मेडल दिलाने के लिए पिछले चार वर्ष से पसीना बहा रहे हैं। कुछ खिलाड़ियों को वर्ष 2018 के बाद दोबारा कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलने का मौका मिलेगा तो कुछ पहली बार इसमें भाग लेंगे। स्पोर्ट्स फेडरेशन अपने खेल के खिलाड़ियों की सूची तैयार कर रहे हैं। इसी सप्ताह खिलाड़ियों के नाम का प्रस्ताव खेल विभाग को भेजा दिया जाएगा, जिसके बाद खेल विभाग खिलाड़ियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाएगा।
भार वर्ग और उम्र का रोड़ा कम करेगा खिलाड़ियों की संख्या
बरमिंघम में 28 जुलाई से आठ अगस्त तक होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स-2022 में इस बार हरियाणा से खिलाड़ियों की संख्या कम भी रह सकती है। इसकी वजह है भारवर्ग में बदलाव। कॉमनवेल्थ में खेलने के लिए खिलाड़ियों का जो भारवर्ग निर्धारित किया गया है, उस श्रेणी में कई खिलाड़ी नहीं आ पा रहे हैं। साथ ही प्रतियोगिता में निर्धारित की गई, उम्र से कई खिलाड़ियों की उम्र भी अधिक हो गई है। इससे भी खिलाड़ी कम होंगे।