अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। मोटरसाइकिल चोर गिरोह के दो सदस्यों को सीआईए वन ने गांव उग्रा खेड़ी मोड़ पर नाकाबंदी करके दबोच लिया है। पूछताछ में आरोपियों के कब्जे से सात मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से एक को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जबकि दूसरा नाबालिग होने की वजह से बाल सुधार गृह में भेजा गया है। सीआईए वन के इंचार्ज इंस्पेक्टर संदीप कुमार को गुप्त सूचना मिली कि मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदातों को अंजाम देने के दो आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर सनौली से पानीपत की तरफ आ रहे है। जिसके बाद पुलिस ने उग्रा खेड़ी मोड़ पर नाकाबंदी करके संदिग्धों पर नजर रखते हुए मोटरसाइकिल चालकों के कागजात जांचने शुरू कर दिए। कुछ देर बाद सनौली की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक आए और पुलिस चेकिंग को देखकर वापस भागने लगे। तभी पुलिस टीम को भाग रहे युवकों पर शक हुआ। पुलिस ने युवकों को दबोच लिया। युवकों की पहचान पवन निवासी गढ़ सरनाई और दूसरे की नाबालिग के रूप में हुई। सीआईए-वन प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके गहनता से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में कई चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ। आरोपियों ने 6 अप्रैल को सनौली के एक स्कूल के पास से मोटरसाइकिल चोरी करने की घटना को अंजाम दिया। पूछताछ में 6 अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ। जिनमें से 3 मोटर साइकिल थाना सनौली क्षेत्र व 4 मोटरसाइकिल यूपी से चोरी की गई। पुलिस ने चोरी की गई सभी मोटरसाइकिल आरोपी पवन के घर गढ़ सरनाई से छह मोटरसाइकिलों को बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से एक उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग होने की वजह से बाल सुधार गृह में भेज दिया है।