पानीपत। मध्यम, सुक्ष्म एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा देने और उद्यमियों को सरकारी एमएसएमई के लिए बनाई स्कीमों को उद्यमियों तक पहुंचाने के लिए एमएसएमई सेतु यात्रा मंगलवार को सेक्टर 25 में पहुंची। यात्रा में शामिल विशेषज्ञों ने उद्यमियों को एमएसएमई की योजनाओं के बारे में बताया। इस दौरान देश के विकास में एमएसएमई के योगदान पर चर्चा की गई। यह यात्रा इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंट इंडिया की ओर से निकाली जा रही है। यात्रा 18 अगस्त को शुरू हुई थी और 18 नवंबर तक 22 राज्यों के 75 शहरों से होकर गुजरेगी।
आईसीएआई के प्रधान सीए अंकुर बंसल ने बताया कि देश की आजादी को 75 साल होने के उपलक्ष्य में यह यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा मिनिस्ट्री ऑफ स्मॉल एंड मीडियम इंटरप्राइजेज के सहयोग से आईसीएआई निकाल रही है। यह बस 1400 किलोमीटर का सफर तय करेगी। शहर की रीढ़ एमएसएमई है। एमएसएमई देश के करोड़ों लोगों को रोजगार दे रहा है। इसलिए इसके अंतर्गत आने वाले उद्योगों का विस्तार जरूरी है। सरकार की ओर से इन उद्योगों के लिए विभिन्न प्रकार की सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। यात्रा के दौरान विभिन्न जगहों पर सेमिनार कर उद्यमियों को जागरूक किया जा रहा है। यात्रा के दौरान डीएफओ रवि प्रकाश, मितेश मल्होत्रा, रविंद्र सिंह, सोनू गोयल, जगदीश धमीजा आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।