पानीपत। सिवाह गांव स्थित बस स्टैंड के सामने पुल के नीचे एक लोडिंग टैंपो ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही एक युवक सड़क पर गिर गया और उसे टैंपो ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौत हो गई। टैंपो चालक वहां से फरार हो गया। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने मृतक के दोस्त के बयानों पर अज्ञात टैंपो चालक पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नांगलखेड़ी गांव निवासी सुमन कुमार ने बताया कि वह मूल रूप से दरबंगा, बिहार का रहने वाला है। वह सेक्टर 29 पार्ट टू में एक फैक्टरी में नौकरी करता है । वह रविवार रात को अपने दोस्त शोभित कुमार (22) के साथ उसकी मोटरसाइकिल पर सिवाह गांव जा रहे थे। मोटरसाइकिल शोभित चला रहा था। बस स्टैंड के सामने पुल के नीचे सामने से आए तेज रफ्तार लोडिंग टैंपो ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शोभित सड़क पर गिर गया। उसको टैंपो ने कुचल दिया। इमसें शोभित की मौके पर ही मौत हो गई। शोभित अविवाहित था।