पानीपत। शास्त्री नगर से कांवड़ देखने गए बच्चे को मां ने फटकार लगाई तो बच्चा मां से हाथ छुड़वाकर भाग गया। उसका अब तक सुराग नहीं लगा है। मां ने बच्चे की गुमशुदगी की शिकायत चांदनी बाग थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी का केस दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है।
शास्त्री कॉलोनी निवासी बिमला ने बताया कि उसका बेटा आदित्य कक्षा छठीं का छात्र है। शनिवार को शिवरात्रि की छुट्टी थी। वो दोपहर को कांवड़ देखने के लिए घर से बाहर गया था। देर शाम तक जब वो घर नहीं लौटा तो वो उसको तलाश करने के लिए घर से निकली थी। उसको आदित्य सनौली रोड पर अंजलि अस्पताल के पास मिला। वह उसको लेकर घर आ रही थी। आदित्य रास्ते में उसका हाथ छुड़ाकर भाग गया। उसने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका भेद नहीं लगा। उसकी पुलिस से गुहार है कि आदित्य की तलाश की जाए।