पानीपत। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया जारी है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय ने वंचित विद्यार्थियों को एक ओर मौका देते हुए दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ा दी थी। दाखिला प्रक्रिया 31 अगस्त को संपन्न होने के बाद दाखिले की आस छोड़ चुके विद्यार्थी अब रिक्त सीटों पर ऑन द स्पॉट दाखिले के लिए आगे आने लगे हैं। निदेशालय द्वारा दाखिला पोर्टल पांच सितंबर को ओपन किया था। इच्छुक विद्यार्थी दाखिला पोर्टल पर 30 सितंबर तक नए पंजीकरण करवाकर आईटीआई में संस्थान स्तर पर ऑन द स्पॉट दाखिला ले सकेंगे। संस्थान वाइज रिक्त सीटों की संख्या दाखिला पोर्टल पर देखी जा सकती है। यह दाखिला नए व पुुराने आवेदनों की संयुक्त मेरिट के आधार पर किया जाएगा। इसमें कोई आरक्षण लागू नहीं होगा।
वहीं, शहर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में करीब 98 फीसदी सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। राजकीय आईटीआई में 900 से अधिक सीटों पर दाखिले हो चुके हैं जबकि करीब 50 सीटें रिक्त हैं। कुल 952 सीटों पर दाखिला किया जाना है। हालांकि अधिकतर ट्रेडों में सभी सीटों पर दाखिले हो चुके हैं।
अपलोड किया गया दाखिला ही वैध
निर्देशानुसार केवल दाखिला पोर्टल पर ऑनलाइन दाखिला फीस जमा करवाने उपरांत अपलोड किया गया दाखिला ही वैध माना जाएगा। यदि चालू सत्र में दाखिल प्रशिक्षणार्थी निश्चित तिथि तक अथवा उसके उपरांत भी संस्थान में रिपोर्ट नहीं करता और संस्थान से लगातार अनुपस्थित रहता है तो संबंधित संस्थान नियमानुसार कार्यवाही करने उपरांत नाम काटते हुए रिक्त सीट के प्रति नया दाखिला करना होगा।
प्रदेश में 65746 अभ्यर्थी ले चुके दाखिला
आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 120611 विद्यार्थी करवा चुके पंजीकरण, 66154 अभ्यर्थियों ने लिया है दाखिला प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सोमवार शाम तक 120611 विद्यार्थी पंजीकरण करवा चुके हैं जबकि 66154 अभ्यर्थियों ने दाखिला लिया है जो कुल आवेदन का करीब 54.85 प्रतिशत है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में 54055 अभ्यर्थियों जबकि निजी आईटीआई संस्थानों में 12099 अभ्यर्थियों ने दाखिला लिया है।
वर्जन-
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया जारी है। आवेदक अब 30 सितंबर तक ऑन द स्पॉट दाखिला ले सकेंगे। राजकीय आईटीआई में अब तक 900 से अधिक विद्यार्थी दाखिला ले चुके हैं। कुछ ट्रेडों को छोड़ अधिकतर ट्रेडों में सभी सीटों पर दाखिले हो चुके हैं।
- डॉ. कृष्ण कुमार, प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई, पानीपत।