जीटी रोड पर बैरिकेड्स लगााकर तैनात पुलिस। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। सावन माह में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर समालखा में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सिटी ट्रैफिक पुलिस ने पुराने बस अड्डे के समीप दिल्ली लाइन पर बैरियर लगाकर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान गलत दिशा से आने वाले 200 से अधिक वाहनों को वापस मोड़ दिया गया और चालकों को हिदायत दी गई। पुलिस ने भापरा मोड़ पुलिस चौकी, चुलकाना रोड स्थित गांधी आदर्श कॉलेज के पास, महावटी मोड़ और हथवाला मोड़ पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, कांवड़ शिविरों को मुख्य सड़क से करीब 100 मीटर दूर लगाने और वहां सीसीटीवी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि शहर में बंद पड़े पुराने सीसीटीवी कैमरों और पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों की समस्या पर थाना प्रभारी ने कहा कि खराब पड़े कैमरों को शीघ्र चालू कराया जाएगा और शहर में नए कैमरे भी लगेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।