धनतेरस के साथ दीपोत्सव की शुरुआत हो गई है। कोविड महामारी के बाद पहली बार लोग सुकून से दिवाली मनाने की तैयारी कर रहे हैं। इस बार धनतेरस दो दिन मनाया जा रहा है। हालांकि शुुभ मुहुर्त शाम 6 बजे के बाद होने की वजह से दिन के समय बाजारों में सामान खरीद को लेकर ग्राहकों का रुझान कम रहा। धनतेरस का मुख्य पर्व रविवार को मनाया जाएगा। इसलिए शनिवार रात व रविवार को बाजारों में भीड़ बढ़ने और जमकर खरीदारी होने की संभावना है। दुकानदारों को भी धनतेरस पर बाजार में खरीदारी के रूप में जमकर धन बरसने की उम्मीद है। दिवाली पर्व को लेकर शहर के बाजार सजकर तैयार हो गए हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि इस बार दिवाली पर्व पर ग्राहक जमकर खरीदारी करेंगे जिससे करोड़ों रुपये का व्यापार होगा।
भगवान कुबेर व धनवंतरी की मूर्ति की डिमांड ज्यादा
धनतेरस पर घर में भगवान कुबेर व आयुर्वेद के जनक भगवान धनवंतरी का पूूजन करने के लिए बाजार में मूर्तियों की डिमांड बढ़ गई है। साथ ही दिवाली पर्व को लेकर भगवान गणेश व माता लक्ष्मी की मूर्तियां खूब बिक रही हैं। दुकान पर मिट्टी से बनी मूर्तियां 50 से 500 रुपये व पीओपी से बनी मूर्तियां 100 से 1200 रुपये तक मंगवाई गई हैं।
मैटल लाइट व वुडन लटकन बनी आकर्षक का केंद्र
दुकानदारों ने बताया कि इस बार दिवाली पर्व पर ग्राहकों के लिए नई आइटम में मैटल की लाइट, वुडन की लटकन, स्टीकर व कलरफुल झालर (कंडील) मंगवाई गई है। मैटल लाइट की कीमत 100 से 500 रुपये तक है। झालर 50 रुपये से 500 रुपये तक बेची जा रही है। वुडन की लटकन व स्टीकर का मूल्य 80 से 100 रुपये है जिन्हें ग्राहक ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इस बार बंदरवाल व रंगोली के सामान में 5 से 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है।
- धनतेरस पर सोना कमजोरी के बावजूद पिछली बार से महंगा, फिर भी बढ़ सकती है 30 प्रतिशत बिक्री
धनतेरस के दौरान हमारे देश में लंबे समय से सोना खरीदने की परंपरा रही है। ऐसे में लोगों की नजर सोने की कीमतों पर बनी हुई है। घरेलू बाजार में 22 कैरेट और 24 कैरेट सोना गिरावट के साथ 46,350 रुपये और 50,600 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा है। कई जानकार धनतेरस और दिवाली के दौरान सोने की कीमतों में कमजोरी को खरीदारी का सुनहरा मौका मान रहे हैं। हालांकि चांदी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है और यह 56,100 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा है। सोने की ये कीमतें कमजोरी के बावजूद पिछले वर्ष के धनतेरस की तुलना में अधिक हैं। पिछले वर्ष धनतेरस नवंबर महीने में पड़ा था। पिछले वर्ष 2 नवंबर को धनतेरस के दिन 24 कैरेट सोने का भाव 47904 रुपये रहा था। ऐसे में इस वर्ष प्रति 10 ग्राम 24 कैरेट सोना पिछले वर्ष की तुलना में 2696 रुपये अधिक कीमत पर बिक रहा है।
- धनतेरस पर सोना खरीद को लेकर बाजार में काफी मंदा है। पिछले दो वर्ष कोरोना महामारी के कारण व्यापार में काफी मंदा रहा। इस बार भी एक्सपोर्ट न खुलने और धनतेरस के मुहूर्त को लेकर शनिवार शाम 6 बजे तक सोने का कारोबार न के बराबर रहा। शनिवार रात व रविवार को कारोबार में उछाल आने की संभावना है।
- राजेश सुरी, प्रधान, ज्वैलर्स एसोसिएशन, पानीपत।