माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सैनी कॉलोनी की महिला ने अपनी बेटी की डिलीवरी व बच्चे के जन्म के बाद शगुन में सामान देने के लिए डेढ़ लाख रुपये की राशि इक्ट्ठा की थी। महिला बेटी को डिलीवरी के लिए अस्पताल में लेकर गई, चोरों ने पीछे से मकान से डेढ़ लाख रुपये व सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना के बाद महिला का रो रोकर बुरा हाल है। इस वारदात की सूचना पर पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने यहां से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मकान मालकिन के बयानों पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सैनी कॉलोनी निवासी प्रेम लता ने बताया कि उसकी बेटी रानी की शादी हो चुकी है। वो घर पर अकेली रहती है। उसकी बेटी रानी गर्भवती है। उसने बेटी की डिलीवरी व बच्चे के जन्म पर शगुन पर सामान देने के लिए डेढ़ लाख रुपये की राशि एकत्रित की थी। बुधवार को रानी को प्रसव पीड़ा हुई तो वो असंध रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गई। यहां बेटी को दाखिल कराया। दोपहर को काम से आई तो यहां मकान का ताला टूटा मिला। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का भी ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर अलमारी से डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने की चेन, तीन जोड़ी कानों की बाली, दो मंगलसूत्र, एक माथे का टीका, दो जोड़ी पायल चोरी थी। जो जेवर चोरी हुए हैं उनकी कीमत भी लाखों में थी। उसकी पुलिस से मांग है कि चोरों का पता लगाकर उनसे चोरी की गई राशि व जेवर बरामद कराए जाए।