पानीपत। अब नगर निगम किला स्थित लाइब्रेरी का जीर्णोद्धार करेगा। वहीं, वार्ड 15 के किशनपुरा एरिया में एक आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण कराएगा। दोनों प्रोजेक्ट को लेकर निगम आयुक्त ने अधिकारियों के साथ चर्चा भी की और दोनों जगहों का मौका निरीक्षण भी किया। निगम आयुक्त साहिल गुप्ता टीम के साथ किले पर स्थित लाइब्रेरी पहुंचे। यहां बच्चों ने लाइब्रेरी की परेशानियों के बारे में उन्हें अवगत कराया।
इस दौरान बच्चों ने बताया कि यहां लाइटें कम हैं। बिजली की समस्या रहती है। पीने के पानी की भी समस्या है। कई बार बाहरी बच्चे आ जाते हैं। फर्नीचर भी पर्याप्त नहीं है। इन सभी समस्याओं को देखते हुए आयुक्त ने निगम टीम को लाइब्रेरी में लाइटें और बिजली की समस्या दूर करने के निर्देश दिए। पीने के पानी के लिए आरओ वाटर कूलर लगवाने के निर्देश दिए। फिलहाल लाइब्रेरी में 50 बच्चों की बैठने की क्षमता के हिसाब से फर्नीचर है। यहां फर्नीचर बढ़ाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां कम से कम 200 बच्चों के बैठने की व्यवस्था करनी होगी। इसके लिए आचार संहिता के बाद टेंडर प्रक्रिया से लाइब्रेरी का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
अधिकारियों ने सुझाव दिए कि कोई बाहरी असामाजिक तत्व लाइब्रेरी में न आए इसलिए सभी बच्चों के फिंगर प्रिंट से एंट्री का सिस्टम चालू करवाना चाहिए। ताकि रजिस्ट्रेशन के बाद ही बच्चों को एंट्री मिले। वहीं, प्रति बच्चे से मासिक तौर पर 50 रुपये शुल्क भी वसूलने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि ये पैसा बच्चों की किताबों पर ही खर्च किया जाएगा। इससे विशेष तौर पर प्रतियोगिताओं की किताबें मंगवाई जाएंगी।
इसके बाद निगम आयुक्त टीम के साथ किशनपुरा की पानी की टंकी वाली जमीन का मुआयना करने पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि काफी लंबे समय से यहां लाइब्रेरी बनवाने का प्रस्ताव पास हो चुका है। आयुक्त ने कहा कि आचार संहिता के बाद यहां आधुनिक लाइब्रेरी बनवाई जाएगी। ताकि पढ़ाई करने वाले बच्चों को इसका लाभ मिल सके। इसके अलावा निगम आयुक्त ने टीम के साथ शहर में चल रहे कई विकास कार्याें का दौरा किया और अधिकारियों से कामों की समीक्षा की।