माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सीआईए दो की टीम ने न्यू दीवान नगर में दुकान का शटर उखाड़कर करीब 15 लाख के मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले चार दिन तक दुकान की रेकी की थी। आरोपियों ने 22 मोबाइल राहगीरों को बेच दिए। पुलिस ने आरोपियों से 38 मोबाइल बरामद किए है। पुलिस ने दोनों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सीआईए दो प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम ने सोमवार देर शाम आरोपी सचिन और भीम निवासी बतरा को कच्चा कैंप से गिरफ्तार किया है। दोनों किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। उनकी टीम को इनके बारे में गुप्त सूचना मिली थी। पूछताछ में दोनों ने23 जनवरी की रात पीपल मंडी में मोबाइल दुकान का शटर उखाड़कर 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन चोरी करने की वारदात कबूल की।
चोरी की वारदात के बारे में थाना पुराना औद्योगिक में रवि निवासी न्यू दीवान नगर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। यहां रवि की राघव एजेंसी के नाम से मोबाइल दुकान है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले चार दिन तक दुकान की रेकी की थी। चोरी किए गए 22 मोबाइल राहगीरों को बेच दिए थे। इनकी निशानदेही पर 38 मोबाइल बरामद किए गए हैं। जल्द अमीर बनने के लिए इन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। दुकानदार के मुताबिक उसके 100 से अधिक 15 लाख रुपये के मोबाइल चोरी हुए हैं।