पानीपत। वार्ड 23 के पार्कों में रखवाए गए कम गुणवता के बेंच रखने वाली एजेंसी और सहयोग करने वाले अधिकारी अब शहरी विधायक प्रमोद विज के निशाने पर आ गए हैं। विधायक ने सैंपल के लिए मंगवाए अच्छी क्वालिटी वाला बेंच और मौके पर डिलीवर किया गया घटिया क्वालिटी वाला बेंच अपने कार्यालय में मंगवा लिए हैं। अब इनकी गुणवत्ता की गहनता से जांच होगी। इसके बाद एजेंसी और सहयोग करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
दूसरी ओर शहरी और ग्रामीण विधानसभा में रखवाए जा रहे बेंचों की गुणवत्ता का भी आकलन किया जा रहा है। ग्रामीण विधानसभा में रखे गए बेंच शहरी विधानसभा के बेंचों से कई गुणा बेहतर बताए जा रहे हैं। इनका भार शहरी विस के बेंचों से ज्यादा है। इनकी गुणवत्ता भी शुद्ध स्टील की है। इनका डिजाइन और कट भी इन बेचाें से अच्छा है। वहीं, ग्रामीण विस वाले बेंचों को जमीन पर लगाने के लिए नीचे से बेस की सुविधा भी दी गई है। जिससे इन बेंचों को कहीं भी स्थायी तौर पर लगाया जा सकता है। इन बेंचों पर किसी भी मौसम की मार का कोई असर नहीं पड़ सकता। गुणवत्ता से लेकर डिजाइन के मामले में ये बेंच शहरी विस के बेचों से अव्वल हैं। पार्क में झूलों, ओपन जिम और लाइटों की भी होगी जांच:
शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि इसी एजेंसी ने निगम में पहले भी काम किए हैं। एजेंसी ने शहर के कई पार्कों में झूले, ओपन जिम और लाइटें तक लगाने का काम किया है। जिनकी गुणवत्ता निम्न स्तर की बताई गई है। इसकी पहले भी शिकायतें रही हैं। अब सभी की गहनता से जांच कराई जाएगी। अगर इस मामले में अधिकारियों की संलिप्तता मिली तो उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा।
वार्ड 15 से उठवाए थे झूले:
हाली ही में वार्ड 15 में रखवाए गए झूले भी निम्न गुणवत्ता के लगाए जा रहे थे। जिनको लगाने से पहले ही इनका मटेरियल टूटने लगा और पेंट भी छूटने लगा। स्थानीय लोगों के विरोध करने के बाद इन झूलों को हटवाया गया। इससे पहले विधायक खुद मॉडल टाउन में लोहे के बेंचों में रेत भरकर उनका वजन बढ़ाने का घोटाला पकड़ चुके हैं। अब मॉडल टाउन के एक पार्क में लगी लाइटों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं कि ये लाइटें ब्रांडेड नहीं असेंबल्ड हैं।
पेमेंट नहीं हुई तो गोलमाल कैसा:
विज की चेतावनी पर निगम अधिकारियों ने कहा कि जब तक किसी काम का भुगतान न किया जाए तो उसे घोटाला नहीं कहा जा सकता। जो बेंच टेंडर स्कोप में थे उनको ही रखवाया गया है। एजेंसी का भुगतान किया जाएगा।
वर्जन:
सरकार करोड़ों का बजट भेज रही है। कुछ अधिकारी-कर्मचारी ऐसी एजेंसियों से मिलीभगत कर निम्न गुणवत्ता का सामान वार्डों में रखवा रहे हैं। इनकी गहनता से जांच कराई जाएगी। इसमें जो भी दोषी मिला उसके खिलाफ कार्रवाई निश्चित है।
प्रमोद विज, विधायक शहरी पानीपत।