पानीपत। गंगाराम कॉलोनी से लापता दिव्यांग दंपती की दो बेटियों का 44 घंटे बाद बाद भी सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस और समाजसेविका ने मिलकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो उसमें दोनों बहनों के पीछे से एक नीले रंग की शर्ट पहने युवक ्रचलता दिखाई दे रहा है। उस पर शक गहराता जा रहा है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुट गई है। वहीं दूसरी तरफ दिव्यांग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के चढि़हारी गांव निवासी रणजीत चौहान ने बताया कि वह हाल में पानीपत की गंगाराम कॉलोनी में रहता है। उसकी पत्नी राजमति और वह दोनों दिव्यांग हैं। वह दोनों अलग-अलग फैक्टरी में काम करते हैं। पत्नी राजमति हरि नगर में एक फैक्टरी में सिलाई करती है। उनके चार बच्चे हैं। जिनमें तीन बेटी और एक बेटा है। उसकी सबसे छोटी बेटी छह माह की है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे राजमति ने दूध पिलाने के लिए अपनी बड़ी बेटी अंजलि को छोटी बेटी अनाध्या को फैक्टरी लेकर आने के लिए कहा था, लेकिन वह फैक्टरी नहीं पहुंची। शाम छह बजे फैक्टरी से घर पहुंचे तो अंजलि और अनाध्या दोनों घर नहीं मिलीं। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां नजदीक के एक पार्क में कुछ देर खेली थीं। पुराना औद्योगिक पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
नारी तू नारायणी उत्थान समिति की अध्यक्ष सविता आर्य ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में अंजलि अपनी छोटी बहन अनाध्या को गोद में उठाकर जाती दिखाई दे रही है, लेकिन उसके पीछे एक नीली शर्ट पहने युवक भी चलता दिखाई दे रहा है। तीन अलग-अलग कैमरे की फुटेज में युवक उनके पीछे है, वह आगे निकलता है, लेकिन रुक कर फिर बच्चियों के पीछे चलने लगता है। आशंका है कि युवक का भी बच्चियों के लापता होने में कोई हाथ है।
पुलिस की तीन टीम बच्चियों की तलाश में जुटी है। पुलिस क्षेत्र के लोगों को फोटो दिखाकर पूछताछ कर रही है। इसके अलावा आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है, लेकिन अब तक बच्चियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
- नरेंद्र, प्रभारी, पुराना औद्योगिक थाना