हम बदमाश हैं, हमें रुपये चाहिए, धमकी देकर भागे
सेक्टर 13-17 स्थित एक मकान में दो दिन में दो बार जा चुके आठ से 10 लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। सेक्टर 13-17 स्थित एक मकान में दो दिन से आठ से 10 लोग मिलकर जा रहे हैं। परिवार को बोल रहे हैं कि वे बदमाश हैं और उन्हें रुपये चाहिए। परिवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सेक्टर 13-17 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों ने इसका सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा है।
सेक्टर 13-17 निवासी रुबी गर्ग ने बताया कि उनके पति आशीष स्कूल ड्रेस बेचने का काम करते हैं। शुक्रवार शाम छह बजे वह अपने मकान पर थीं। घर पर उनकी सास, चार वर्षीय बेटा था। इसी बीच दो गाड़ियों में 10-12 युवक उनके घर के सामने आए और दरवाजा खटखटाया। सास ने दरवाजा खोला और युवकों की पहचान पूछी तो वे बोले कि हम बदमाश हैं। वह धक्का मारा, सास नीचे गिर गईं। आरोपी जबरदस्ती अंदर घुस गए। इसके बाद वे चले गए। शनिवार सुबह पौने 10 बजे दोबारा आए। फिर दरवाजा खटखटाया। इस बार ससुर बालक राम ने दरवाजा खोला तो उन्होंने ससुर को भी खुद का परिचय बदमाश के रूप में दिया। उन्होंने रुपये की मांग की। आरोपियों में एक ब्राह्मण माजरा गांव का गोविंद था। आरोपी अपनी गाड़ियों में लाठी डंडे लेकर आए थे। उन्होंने ससुर और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। दोनों ही घटनाओं की उनके पास सीसीटीवी फुटेज है। इसके बाद सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस को शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी जगजीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी दोषी होगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा।