मतलौडा। रेरकलां गांव में वीरवार को दो पड़ोसियों ने एक व्यक्ति की लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस वारदात को एक साल पहले हुए झगड़े की रंजिश में अंजाम दिया गया है। आरोपियों ने मृतक के बड़े भाई पर भी लाठी-डंडों से हमला किया। इसमें वह घायल हो गया । आरोपी मृतक के भाई को धमकी भरे लहजे में बदला पूरे होने की बात कहते हुए फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
रेरकलां गांव निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अगस्त को वह गांव के अजय के साथ घूम रहा था। इस दौरान एक राहगीर ने सूचना दी कि कुछ लोग एक व्यक्ति को स्टेडियम के पास पीट रहे हैं। सूचना मिलने पर वह अजय के साथ स्टेडियम के पास खेतों में पहुंचे। जहां पवन और सतबीर उसके भाई नरेश (43) से मारपीट कर रह थे। उन दोनों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो दोनों आरोपियों ने उनसे भी मारपीट की। आरोपी पवन ने कहा कि वह एक साल पहले हुए झगड़े का बदला ले रहे हैं। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से बाइक पर फरार हो गए। वह नरेश को मोटरसाइकिल पर बैठाकर गांव में एक क्लीनिक और इसके बाद जिला नागरिक अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर पुलिस थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।