पानीपत। नांगलखेड़ी गांव में एक युवक पर कुछ युवकों ने तलवार व लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। युवक को बुरी तरह से पीटा गया और उससे सोने की चेन झपट ली। युवक ने इनके खिलाफ सेक्टर 29 थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दो नामजद समेत सात-आठ अन्य पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस उनकी धरपकड़ में जुटी है।
नांगलखेड़ी गांव निवासी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि वह सोमवार शाम पौने चार बजे खेत में चारा लेने जा रहा था। रास्ते में ईंटों से भरे ट्रैक्टर के टायर मिट्टी में धंसे हुए थे। ट्रैक्टर चालक ने उससे मदद मांगी। वह उसकी मदद करने लगा। कुछ देर बाद यहां एक इक्को में सवार कुछ युवक आए। वह शराब के नशे में धुत थे। उसने उन्हें कहा कि रास्ता बंद है। वह इसी बात पर उसके साथ गाली गलौज करने लगे। उसने उन्हें पहचान लिया था। वह युवक उसे जाने से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। कुछ देर बाद उनके गांव का ही प्रदीप, कुलदीप समेत सात- आठ युवक यहां आ गए। इनके हाथ में तलवार और लाठी डंडे थे। इन्होंने उस पर हमला कर दिया। उसको बुरी तरह से पीटा गया। वह मदद के लिए अपने घर कॉल करने लगा तो उससे मोबाइल छीन लिया। उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली। उसके पड़ोसियों ने शोर मचाया तो वह वहां से धमकी देकर फरार हो गए। उसके परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल में लेकर आए। यहां इलाज कराकर उसने इनकी पुलिस में शिकायत दी।