इसराना। एक युवक ने तीन लोगों पर अमेरिका भेजने एवं लाखों रुपये कमाने का सपना दिखाकर 25 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में युवक ने एसपी को शिकायत दी थी। इस पर इसराना थाने की पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव कालखा निवासी सुरेश ने बताया कि इसी वर्ष आठ जनवरी को पर्ल ढाबे पर उसकी मुलाकात सुरेश शर्मा से हुई। सुरेश शर्मा ने उसे बताया कि वह विदेश भेजने का काम करता है। अमेरिका में उसके दोस्त की कंपनी है, जिसमें पांच हजार डॉलर मिलेंगे। उसका भाई कनाडा में रह कर आया है, जिसने करोड़ों कमाए हैं। वह भी छह साल अमेरिका में रह कर आठ करोड़ रुपए कमा कर आया है। अमेरिका भेज कर लाखों कमाने का सपने दिखा सुरेश शर्मा उसे अपने घर नरेला ले गया और नौकरी दिलाने की बात कही। बाद में वह उसके घर आया और 40 लाख रुपये में अमेरिका भेजने की बात तय हुई। ढाई माह का समय देकर एक लाख रुपये टोकन मनी ले गए। उसने 23 फरवरी को अपनी पत्नी के खाते से दो लाख रुपये का आरटीजीएस करा कर आरोपी के खाते में पैसे भेजे। फिर 24 मई को आरोपी कालखा उसके घर आए जरूरी कागजातों के साथ कुछ कोरे कागजातों पर हस्ताक्षर करा 15 लाख रुपये नकद ले गए। उसने गांव के एक व्यक्ति से पैसे उधार ले कर उनको दिए थे। उन्होंने बताया था कि अमेरिका के लिए फाइल लगा दी है और एक सप्ताह बाद टिकट एवं वीजा मिल जाएगा। बकाया 15 लाख रुपये अमेरिका पहुचंने पर देने होंगे। लेकिन उसे अमेरिका नहीं भेजा गया। रकम मांगने पर धमकी दी और फोन बंद कर लिए गए। बाद में आरोपियों ने पर्ल ढाबे पर मिलने की बात कहने पर जब वे वहां पहुचे तो उन लोगों ने पैसे वापस देने के बजाय जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने नरेला दिल्ली निवासी सुरेश शर्मा, चेतन शर्मा और राजेश शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।