पानीपत। लघु उद्योग भारती हरियाणा प्रांत की कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को एसडी पीजी कॉलेज में आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। यह जानकारी जिलाध्यक्ष कपिल गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि प्रांत अध्यक्ष सुभादेश मित्तल, महासचिव मनोज रोंगटा, कोषाध्यक्ष रमन सलूजा और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अरुण बजाज समेत कई प्रमुख पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे। प्रांत अध्यक्ष सुभादेश मित्तल ने कहा कि इस तरह की बैठकों का उद्देश्य लघु व सूक्ष्म उद्योगों के सामने आ रही समस्याओं को समझकर उनका समाधान करना है। वहीं अगस्त माह में दिल्ली में ऑल इंडिया नेशनल टेक्सटाइल कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की भी जानकारी दी गई। कपिल गुप्ता ने कहा कि पानीपत में यह बैठक जिले के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। लघु उद्योग भारती देशभर में एमएसएमई को संगठित कर उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और समाधान दिलाने का कार्य कर रही है।