इसराना।पानीपत गोहाना हाईवे पर एनसी मेडिकल कॉलेज के सामने सोमवार रात कॉलेज में चल रहे निर्माण कार्य में शटरिंग का काम करने वाले मजदूर की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के मौसेरे भाई की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में संतोष कुमार वासी भसुटी जिला बांदा यूपी ने बताया कि वह एनसी कॉलेज में चौकीदारी का काम करता है। उसकी मौसी का लड़का पप्पू वासी गजनी जिला बांदा यूपी एनसी कालेज इसराना में बन रही बिल्डिंग में शटरिंग का काम करता था। सोमवार को पप्पू जब काम पर नही पहुंचा तो उसने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क किया तो फोन पर एक डाक्टर ने बताया कि यह व्यक्ति रात को एक दुर्घटना में लगी चोट की वजह से से सरकारी अस्पताल पानीपत में आया था जिसको ज्यादा चोट लगी होने से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पीजीआई रोहतक पहुंचने पर पता चला कि पप्पू की मौत हो चुकी है। पप्पू के सिर, हाथ व पैर पर चोटें लगी थी। उसे बताया गया कि पप्पू सोमवार की रात को एनसी काॅलेज के सामने हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया था। पुलिस में अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है।