इसराना। संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में भारतीय नौजवान किसान यूनियन के बैनर तले निकाली गई इंसाफ यात्रा बुधवार को नौल्था गांव में पहुंची। यहां जसगान चौपाल की पंचायत में ग्रामीणों से खुलकर बात की और इंसाफ के लिए आगे आने का आह्वान किया। इससे पहले यात्रा पानीपत के चमराड़ा गांव में पहुंची। यहां से होते हुए नौल्था गांव पहुंची थी। यात्रा का नेतृत्व यूनियन के नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने किया।
अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि सरकार ने साढ़े नौ साल में तानाशाही की सभी सीमाएं लांघ दी है। अपनी मांग को लेकर आवाज उठाना गुनाह हो गया है, जो भी सवाल करता है उसे जेल में डाल दिया जाता है। किसानों, सरपंचों, मजदूरों व अन्य वर्गों के आंदोलन को कुचला गया है। उन पर पानी की बौछार कराने के साथ गोली चलवाई गई है। अब समय आ गया है। सरकार से हर बात का हिसाब मांगा जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा ने इसको लेकर इंसाफ यात्रा शुरू की है। जिसको लोगों का पूरा समर्थन मिल रहा है। इंसाफ यात्रा का समापन 19 मई को कैथल के पाई गांव में किया जाएगा। यहां पर रैली की जाएगी। उन्होंने किसानों, मजदूरों व अन्य लोगों को 19 मई को रैली में पहुंचने का न्योता दिया। इस मौके पर मनोज नौल्था, शमशेर डिडवड़ी, दिलबाग बिंझौल, रविंद्र अहलावत, हरदीप फोगाट, बुधराम दहिया, वीरेंद्र शामड़ी, जयबीर पानु, जितेंद्र जागलान, रणबीर चमराडा, दीपक जौंधन, प्रवीण युवराज व साहिल परढाना मौजूद रहे।