इसराना। इसराना की बेटी कीर्ति जागलान ने उत्तर प्रदेश के नोएडा जिले में 28 मार्च से चल रही जूनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप के 53 किलो भारवर्ग में तीसरे स्थान पर रह कर कांस्य पदक हासिल किया है। उसकी इस उपलब्धि पर इसराना में खुशी की लहर है। गांव पहुंचने पर कीर्ति के पिता चरण सिंह ने बेटी की उपलब्धि पर उसे बधाई दी। पिता चरण सिंह का कहना कि बेटी कीर्ति जागलान ने चार माह में चार पदक हासिल किए हैं।
इससे पहले कीर्ति जागलान 53 किलो भारवर्ग में खेलो यूनिवर्सिटीज प्रतियोगिता में रजत, पुणे में सीनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में रजत व ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी है। कीर्ति जागलान ने बताया कि उसे पिता व परिवार से पूरा सहयोग मिल रहा है। उसका लक्ष्य कुश्ती में विश्व स्तर पर देश के लिए स्वर्ण पदक लाना है। उन्होंने युवाओं से कहा कि अगर सच्ची लग्न व मेहनत से अपने लक्ष्य पर लगे रहे तो उसे सफलता अवश्य मिलती है।