पानीपत। दशहरा पर्व पर पानीपत में मुख्य रूप से पांच जगह रावन दहन किया गया। इनमें सेक्टर 13-17, देवी मंदिर, सेक्टर 24, 25 और मॉडल टाउन स्थित शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं। इस पर्व पर जहां एक तरफ रावन दहन देखने के लिए लाखों लोग पहुंचे, वहीं पानीपत पुलिस भी एक्शन मोड में रही। कोई शरारती तत्व वारदात को अंजाम न दे, इसके लिए पुलिस ने पहले ही अपने पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस ने हर दशहरा स्थल पर ड्रोन से निगरानी रखी। इसके अलावा सिविल ड्रेस में भी भीड़ के बीच पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
एसपी अजीत सिंह शेखावत ने सुरक्षा व कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ एक दिन पहले ही बैठक की थी। इसमें अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा निर्देश देकर तैनात किया गया था। थाना प्रभारी व चौकी इंचार्जों को सर्तकता के साथ अपने-अपने क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। दशहरा पर्व पर आमजन की सुरक्षा को देखते हुए विशेष चिह्नित स्थानों पर बैरिकेडिंग सहित नाके लगाए गए। पीसीआर, राइडर व डायल 112 की गाड़ियां भी निरंतर अपने क्षेत्र में गस्त करती रहीं। शहर में मुख्य बाजारों, चौक-चौराहों सहित होटल, ढाबे, धर्मशाला, मस्जिद आदि स्थानों पर नजर रखने के साथ ही सुनिश्चित किया गया कि इन जगहों पर कोई संदिग्ध व्यक्ति न ठहरा हो।
दशहरे के पावन पर्व पर सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना माडल टाउन क्षेत्र में उप पुलिस मुख्यालय धर्मबीर सिहं खर्ब, थाना सेक्टर 13-17 क्षेत्र में उप पुलिस अधीक्षक सतीश गौतम, थाना तहसील कैंप क्षेत्र में उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार, थाना चांदनीबाग क्षेत्र में उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के साथ ही थाना शहर, किला, समालखा, बापौली, सनौली, इसराना, सदर, पुराना औद्योगिक, सेक्टर 29 व मतलौडा में थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
दशहरा पर दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक उत्तर प्रदेश की तरफ से आने वाले वाहनों को हुड्डा बाईपास के माध्यम से बाहरी जीटी रोड पर डायवर्ट किया गया। जीटी रोड मलिक पेट्रोल पंप की ओर से मित्तल मेगा मॉल की तरफ जाने वाले व भारी वाहनों सहित ऑटो इत्यादि के आवागमन पर पाबंदी रही। इसके साथ ही बलजीत नगर नाका से शहर की तरफ आने वाले वाहनों पर भी पाबंदी रही।