पानीपत। सावन माह में शिव भक्त पूरी तरह से महादेव की भक्ति में लीन हैं। मंदिरों में भगवान शिव की विशेष पूजा अर्चना की जा रही है। सिरसा, हिसार जैसे दूर-दराज के क्षेत्र के कांवड़िये हरिद्वार से जल लेकर लौटने भी लगे हैं। कांवड़ियों की सेवा के लिए स्थानीय समाजसेवी संगठनों ने टैंट में शिविर लगाने शुरू कर दिए है।
बता दें कि हर साल कांवड़ यात्रा के दौरान समाज सेवी संगठन कांवड़ियों के लिए जीटी रोड, वंदे भारत चौक, सनौली रोड और असंध रोड पर शिविर लगाते हैं। यहां हरिद्वार, गंगोत्री, गोमुख जैसे पवित्र तीर्थ से गंगा जल लेकर आ रहे कांवड़ियों के विश्राम के विशेष प्रबंध होते हैं।
इन शिविरों में भोजन, फल, मिठाइयों के अलावा चाय-दूध की व्यवस्था भी रहेगी। वहीं कांवड़ियों के लिए अस्थायी शौचालय भी बनाए जाएंगे।चार जुलाई को शुरू हुआ सावन माह 59 दिनाें तक चलेगा। प्रशासन ने शिविर संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, सड़क पर जाम न लगाने, तेज आवाज में लाउडस्पीकर ना बजाने जैसी मुख्य बातों का ध्यान देने के भी निर्देश दिए है।
कांवड़ यात्रा के नियम
यात्रा के दौरान व्यक्ति को किसी भी प्रकार का नशा, मदिरा, मांस और तामसिक भोजन नहीं करना चाहिए।
कांवड़ को बिना स्नान किए हाथ नहीं लगा सकते हैं। वहीं कांवड़ को चमड़े का स्पर्श नहीं होना चाहिए।
कांवड़ यात्रा के दौरान वाहन का प्रयोग नहीं करना होता, यानी पैदल चलकर ही कांवड़ लेकर आनी होगी।
जो कांवड़ ला रहा भक्त उसे चारपाई या वृक्ष के नीचे नहीं रख सकता। कांवड़ को सिर से ऊपर भी नहीं उठाया जा सकता।
शिविर कल से शुरू
प्रवीन जैन ने बताया कि समाज सेवा संगठन पिछले 15 साल से कांवड़ियों के लिए शिविर लगा रहा है। रविवार रात 8 बजे एसडी कॉलेज के सामने शिविर शुरू कर दिया जाएगा। स्थानीय प्रशासन से इसके लिए अनुमति मिल चुकी है। शिविर में कांवड़ियों के लिए भंडारे की व्यवस्था रहेगी। जो अधिक से अधिक सहयोग और श्रमदान होगा, हम देने के लिए तैयार है।
खुद सेवा करते हैं कॉलोनीवासी
दत्ता कॉलोनी के विनोद खर्ब ने बताया कि कॉलोनीवासियों के आपसी सहयोग से सेंट मेरी स्कूल के सामने शिविर लगाया है। डॉ. चांद दलाल ने कहा कि शिविर में लगने वाला पूरा खर्च कॉलोनी से चंदा इकट्ठा कर उठाया जाएगा। वहीं, डॉ. सतीश शर्मा ने बताया कि 10 साल से कॉलोनी के शिविर में स्वयं सेवा कार्य कर खुद कांवड़ियों के लिए भोजन तैयार करते हैं।
रामलाल चौक पर नहीं लगेगा शिविर
रामलाल चौक पर हर साल कांवड़ियों के लिए शिविर लगाया जाता है, लेकिन इस साल सड़क चौड़ीकरण होने और दोनों लेने चालू होने के कारण जाम की स्थिति ना बने इसलिए रामलाल चौक पर शिविर नहीं लगेगा। अब ये शिविर असंध रोड पर हनुमान मंदिर के पास लगाया जाएगा।