माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सेक्टर 6 स्थित 33 केवी पावर हाउस में शुक्रवार को उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से जोन का खुला दरबार लगाया गया। ये दरबार दो घंटे के लिए पानीपत, सोनीपत, रोहतक, करनाल और कैथल के बिजली उपभोक्ताओं के लिए लगाया था। सिर्फ पानीपत की इसराना सब डिवीजन की एक शिकायत पहुंची। शिकायतकर्ता शहर का एक उद्योगपति था, जिसने अधिकारियों की कार्यप्रणाली से नाराज होकर उनके खिलाफ खूब हंगामा किया।
शिकायतकर्ता उद्योगपति ने गांधी मंडी निवासी मुकेश गोयल ने बताया कि उनकी डाहर गांव में दो और महराना गांव में एक फैक्ट्री है। उन्होंने फैक्ट्री में लगा 80 किलोवाट का कनेक्शन हटवाकर इसे 20 किलोवाट का करा लिया था। इसके बाद उन्हें इस कनेक्शन को 105 किलोवाट का करवाने की आवश्यकता पड़ी। इसके लिए उन्होंने नियमानुसार आवेदन किया। इस पर निगम अधिकारियों ने 1.98 लाख के बिल की देनदारी निकाल दी।
उनकी फैक्ट्री में अगर कोई सीटी तक खराब हो जाती है तो उसके लिए भी बार बार चक्कर काटने पड़ते हैं। एसडीओ से लेकर जेई तक की इसमें मिलीभगत होती है। उनसे जानबूझकर गलत बिल भरवाते हैं। इसकी शिकायत वे पहले भी सीएम विंडो से लेकर सीजीआरएफ दरबार में कर चुके हैं। किसी भी अधिकारी ने उनकी शिकायत पर संज्ञान नहीं लिया। उपभोक्ता के बढ़ते हंगामे को देख रोहतक टीम ने उनको शांत कराया और उनकी शिकायत पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रोहतक ऑपरेशन सर्कल से सुपरिंटेंडेंट पंकज बख्शी, उपभोक्ता प्रतिनिधि जोगिंद्र चावला और एलडीसी शैलेंद्र ने शिकायत को इसराना सब डिवीजन के एसडीओ मनोज कुंडू को भेजते हुए समाधान के निर्देश दिए हैं। साथ कहा कि समाधान की रिपोर्ट ऑपरेशन सर्कल रोहतक को भेजी जाए। इस दौरान बिजली निगम पानीपत से एक्सईएन विशाल गोयत के साथ एसडीओ सिटी, मतलौडा, बापौली, सनौली रोड सब डिवीजन आदि मौजूद रहे।