पानीपत। स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह शिवाजी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। बारिश के मौसम में पानी निकासी की समस्या को देखते हुए नगर निगम और जन स्वास्थ्य विभाग को जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ वाटर प्रूफ शामियाना लगवाया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सोमवार को जिला सचिवालय में अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस एक राष्ट्रीय महत्व का पर्व है, जो देश भक्ति की भावना से जुड़ा है। सभी अधिकारियों का संवैधानिक व नैतिक दायित्व बनता है कि वे इस पर्व को सुव्यवस्थित ढंग से, निष्ठापूर्वक, व ईमानदारी से मनाने में सक्रिय योगदान करें। ताकि जिला का प्रत्येक नागरिक स्वतंत्रता दिवस पर शामिल होकर असंख्य देशभक्तों की कुर्बानियों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान प्रदान कर सकें।
एडीसी ने बरसात के मौसम को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को जिला स्तरीय समारोह के लिए वाटर प्रूफ शामियाना लगवाना सुनिश्चित करने के आदेश दिए। ताकि मौसम में बदलाव के बाद भी समारोह में कोई व्यवधान उत्पन्न न हों। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अभियंता और नगर निगम के अधिकारियों को समारोह स्थल पर पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए। सभी विभागाध्यक्ष को सम्मानित किए जाने की अनुशंसा सीटीएम कार्यालय में पांच अगस्त तक भेजनी होगी। इसके लिए कमेटी गठित की गई है। इस मौके पर एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, सीईओ जिला परिषद गौरव कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार और एसडीएम इसराना ज्योति मित्तल, सीएमओ डॉ. जयंत आहुजा, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता राजेश कौशिक व सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेश सैनी उपस्थित रहे।