पानीपत। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय(इग्नू) के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने बताया कि इग्नू 306 शैक्षिक, रोजगार मूलक, जागरूकता सृजन करने वाले और कौशल उन्मुखी अध्ययन कार्यक्रम संचालित कर रहा है। ये शैक्षिक कार्यक्रम सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, स्नातक उपाधि, स्नातकोत्तर उपाधि और डॉक्टरेट उपाधि स्तर के हैं। शैक्षिक कार्यक्रमों, पात्रता, अवधि, अपेक्षित क्रेडिट और शिक्षा माध्यम से संबंधित जानकारी इग्नू की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटइग्नूडॉटएसीडॉटइन पर है।
उन्होंने बताया कि लोगों और विशेष रूप से समाज के सुविधा वंचित वर्गों के लोगों की विभिन्न शैक्षिक व रोजगार संबंधी जरूरतों को पूरा करना इन कार्यक्रमों का मुख्य केंद्र बिंदु है। व्यवसायिक वृद्धि के लिए नौकरीपेशा लोगों को सतत शिक्षा और प्रशिक्षण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए अनेकों कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। इग्नू ज्योतिष, उर्दू, संस्कृत, ड्राइंग और पेंटिंग, उद्यमिता, सूचना सुरक्षा, विकास संचार, स्मार्ट सिटी विकास, संप्रेषणात्मक संस्कृत, डायस्पोरा और प्रवासन, पर्यावरण और व्यावसायिक स्वास्थ्य, नवीनीकरण ऊर्जा, वैदिक अध्ययन और योग के क्षेत्र में अनेकों नवीनतम कार्यक्रम चला रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने के अंतर्गत 14 शैक्षिक कार्यक्रमों में लेटरल एंट्री के विकल्प के साथ अब मल्टीपल एंट्री, मल्टीप्ल एग्जिट वाले शैक्षिक कार्यक्रम चला रहा है।