फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: नालों की सफाई न होने पर शहर में भरा पानी तो करवा देंगे टोल फ्री

विज्ञापन
विज्ञापन
पानीपत। एलएंडटी की ओर से पिछले 15 साल से संजय चौक से लेकर रेलवे रोड तक अपने सर्विस रोड और जीटी रोड के बीच बनाए मुख्य नाले की सफाई नहीं कराने से भड़के डीसी और शहरी विधायक ने बुधवार को एलएंडटी अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होेंने अधिकरियों को वीरवार सुबह 11 बजे पूरी निकासी के ब्लू प्रिंट के साथ तलब किया है। डीसी ने उन्हें चेतावनी दी है कि अगर एलएंडटी अधिकारियों ने नालों की सफाई नहीं कराई और शहर में पानी भरा तो वे एलएंडटी का टोल बंद कर इसे जनता के लिए फ्री करवा देंगे। इसके अलावा अगर एलएंडटी का कोई भी अधिकारी काम में कोताही बरतेगा और उसकी वजह से शहर के लोगों को परेशानी होगी तो वे उस पर भी डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत 133 का पर्चा दर्ज करवाने से परहेज नहीं करेंगे। डीसी ने एलएंडटी के अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि वे चाहे जैसे भी करें लेकिन मानसून से पहले शहर के नालों की सफाई होनी चाहिए।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार एलएंडटी के ब्लॉक पड़े नालों, इनमें जाम सिल्ट और अधिकारियों की लापरवाही का निरीक्षण करने डीसी शहरी विधायक प्रमोद विज के बुलाने पर मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान मानसून में हर साल जीटी रोड पर भरने वाली बरसाती पानी की वजह ढूंढीं गई। पड़ताल में सामने आया कि एलएंडटी ने पिछले 15 साल से संजय चौक से लेकर रेलवे रोड तक अपने सर्विस रोड और जीटी रोड के बीच बनाए मुख्य नाले की सफाई ही नहीं कराई है। इसके लिए पालीवाल हाउस के सामने जीटी रोड पर एलएंडटी के नाले पर लगाए गए लोहे के जाले को हटवाया गया। जिससे स्थिति बिल्कुल स्पष्ट हो गई।
हालांकि डीसी से पहले निगम आयुक्त साहिल गुप्ता, एसडीएम मनदीप, संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी, निगम के दोनों एक्सईएन राहुल पूनिया और प्रदीप कल्याण, सीएसआई जितेंद्र नरवाल, एसडीओ अर्पित, जेई अजय छौक्कर समेत एलएंडटी के इंचार्ज कर्नल शर्मा पहुंच चुके थे। विशेष तौर पर शहरी विधायक प्रमोद विज ने एलएंडटी और निगम अधिकारियों के साथ संजय चौक से आगे पालीवाल हाउस से लेकर एसबीआई बैंक तक जीटी रोड के नीचे बने एलएडंटी के नाले का निरीक्षण किया। इसके लिए जीटी रोड के बीच में लगाए गए जाल को भी हटवाया गया। जिसके नीचे एलएंडटी के नाले में सिल्ट जमा मिली। इसके साथ फ्लाईओवर के नीचे बनाए एक साल पुराने नाले का भी देखा गया। जिसका एलएंडटी ने आज तक मुख्य ड्रेन से कनेक्शन तक नहीं किया था।
विज्ञापन

सर्विस रोड के फुटपाथ के नीचे नाला, जिसमें स्थिर मिला गंदा पानी-
शहरी विधायक ने एलएंडटी अधिकारियों को जीटी रोड और सर्विस रोड के बीच में बने फुटपाथ के नीचे बने खुले नाले को दिखाया। इस नाले में गंदा पानी मौजूद था लेकिन वह बहने की बजाए स्थिर था। जिसका बहाव ही नहीं था। जिस पर विधायक ने एलएंडटी अधिकारियों से पूछा कि इसकी निकासी कैसे होगी ये तो बताओ। जब नाले का लेवल ही नहीं है तो इसमें आने वाला पानी कहां जाएगा। एलएंडटी ने इसकी जिम्मेदार निगम को ठहराने का प्रयास किया लेकिन निगम अधिकारियों ने तर्क और तथ्यों समेत कहा कि ये ड्रेन एलएंडटी की है। इसमें निगम का कोई हस्तक्षेप नहीं है।

फ्लाईओवर के नीचे नाला बना उल्टी निकासी का दिया हवाला-
विधायक ने फ्लाईओवर के नीचे बनाए गए नाले और इसके कनेक्शन करने और न करने का कारण भी पूछा लेकिन एलएंडटी अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। एलएंडटी ने कहा कि जीटी रोड पर भरे पानी की आसानी से निकासी के लिए से अतिरिक्त नाला बनाया है लेकिन इस नाले का लेवल मौजूदा मुख्य नाले से ऊपर है। इसमें हैरानी की बात ये है कि मुख्य नाले का पानी ऊपर वाले लेवल के नाले में कैसे जाएगा।


एसडी कॉलेज के सामने बंद करवाया कनेक्शन-
शहरी विधायक ने पिछले साल एसडी कॉलेज रोड पर सालों से भरने वाले पानी के समाधान को लेकर इसकी निकासी का कनेक्शन एलएंडटी के ड्रेन में करवाया था। इस पर निगम ने लाखों रुपये खर्च भी किए थे लेकिन एलएंडटी ने इस कनेक्शन को मंगलवार रात को बंद करवा दिया। जिस पर शहरी विधायक एलएंडटी के अधिकारियों पर जमकर बरसे। विधायक ने कहा कि जिस कनेक्टिविटी को एलएंडटी ने बंद कराया है अब वे इसे खुद तोड़ेंगे। ताकि एसडी कॉलेज रोड पर पानी न भरे। इस पर अगर एलएंडटी किसी पर एफआईआर दर्ज करवाना चाहे तो वह उन पर करवा सकती है। इसके लिए वे तैयार हैं।


चिलचिलाती धूप में एलएंडटी पर पड़ी डेढ़ घंटा फटकार
सबसे पहले शहरी विधायक प्रमोद विज निगम अधिकारियों के साथ दोपहर ढाई बजे जीटी रोड पर एलएंडटी और निगम अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। विधायक लगातार एक घंटा एलएंडटी के अधिकारियों पर बरसे। इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे डीसी व अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए। डीसी ने कहा कि वे और विधायक जनता की सेवा के लिए गर्मी के पीक समय पर जीटी रोड पर खड़े हैं। अगर फिर भी लोगों को परेशानी हुई तो वे कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे।
अधिकारी तय करें कि किसकी जवाबदेही:
एलएंडटी और निगम अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी तय कर जवाबदेही देनी बनती है कि आखिर इस नाले को कौन साफ करेगा और कितने समय में साफ करेगा। अगर शहर के लोगों के सामने जलभराव की परेशानी आई तो वे अधिकारियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेंगे।
प्रमोद विज, विधायक, शहरी।

वर्जन:
एलएंडटी के अधिकारियों को ब्लू प्रिंट के साथ वीरवार सुबह 11 बजे तलब किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर शहर में उनकी वजह से जलभराव हुआ और जनता को परेशानी हुई तो वे जनहित में टोल टैक्स को बंद करवा इसे जनता के लिए फ्री करवा देंगे।
विज्ञापन

डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया, उपायुक्त।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें