पानीपत। कॉलेजों में एक अगस्त से दाखिले के लिए पोर्टल खुल चुका हैं। विद्यार्थी आठ अगस्त तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। 12 अगस्त को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। कॉलेजों में यूजी में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थी रोजाना रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। वहीं कॉलेज की वेरिफिकेशन कमेटी ने भी दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। अगर किसी विद्यार्थी ने कोई दस्तावेज फार्म भरते समय अपलोड नहीं किया है और फार्म में अंकित कर दिया है तो वेरिफिकेशन कमेटी ईमेल और मोबाइल पर मैसेज भेजकर उसे सूचित कर रही है। विद्यार्थियों को अपना मोबाइल और ईमेल चेक करते रहने का निर्देश दिया गयाहै। अगर दस्तावेज अपलोड नहीं हुए हैं तो विद्यार्थी अपने दस्तावेजों को स्वयं अपलोड कर सकते हैं।
इस बार दाखिले के लिए फार्म में छात्रों ने पहला ऑप्शन जिस कॉलेज का भरा है, उसी कॉलेज में उनके दस्तावेजों की जांच हो रही है। पिछले सत्र में वेरिफिकेशन कमेटी के पास पूरे राज्य से विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों के फार्म आए थे, जिनके दस्तावेजों की जांच कमेटी ने की थी। वहीं इस बार एडिट ऑप्शन कॉलेज प्रबंधन के पास है तो नाम, मोबाइल नंबर, स्पेलिंग सहित अन्य त्रुटियां बिना ऑब्जेक्शन भेजे ही ठीक की जा रही हैं।
दोनों मेरिट लिस्ट जारी होने के बार भी अगर कोई विद्यार्थी दाखिले से वंचित रह जाता है तो उसे ओपन काउंसलिंग में भाग लेना होगा। जो 26 अगस्त को होगी। यहां विद्यार्थी केवल उन्हीं पाठ्यक्रमों में दाखिला ले पाएगा जिनमें सीट खाली रह गई होंगी। यानी मनपसंद पाठ्यक्रम में दाखिले की उम्मीद यहां न के बराबर होगी। वहीं अगर डीएचई कोई नई अधिसूचना जारी नहीं करता तो 22 अगस्त से यूजी की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
दाखिलों के लिए जारी प्रक्रिया के दौरान पोर्टल धीरे चल रहा है। हालांकि यह स्थिति किसी-किसी समय रहती है। कैफे संचालकों का कहना है कि पूरे प्रदेश के विद्यार्थी दाखिला लेने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं, जिस कारण कभी-कभी लिंक खुलने में थोड़ी देर लग जाती है।
एक अगस्त से दाखिला लेने के लिए पोर्टल खुल चुका है और आठ अगस्त तक विद्यार्थी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। साथ ही दस्तावेजों की जांच की जा रही है। 12 अगस्त को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी, जिसके आधार पर 16 अगस्त तक दाखिला प्रक्रिया चलेगी। इसी दौरान विद्यार्थी फीस जमा करवाकर दाखिला करवा सकते हैं। छात्रों को चाहिए कि वे अपना ईमेल और मोबाइल की जांच करते रहें। यदि उसका कोई दस्तावेज अपलोड नहीं हुआ है तो विद्यार्थी खुद भी अपलोड कर सकते हैं। वहीं, दूसरी मेरिट लिस्ट 19 अगस्त को जारी की जाएगी। 23 तक छात्र फीस जमा करवाएं।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य महाविद्यालय, पानीपत।