इसराना, मतलाैडा। भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को इसराना विधानसभा के मतलौडा में पंजाबी धर्मशाला में विधानसभा स्तरीय क्लस्टर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने यहां अपने साढ़े नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनवाई। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की सभी सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए लेकिन कांग्रेस अभी तक आपसी खींचतान में उम्मीदवारों का फैसला नहीं कर पा रही। अगर उनसे फैसला नहीं हो पा रहा तो बताए, भाजपा उनकी फैसला लेने में मदद कर देगी।
पूर्व सीएम मनोहरलाल ने बार बार पीएम नरेंद्र मोदी का नाम लेते हुए जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का जिक्र किया। उन्होंने हुए कहा कि जो काम भाजपा सरकार कर गई वो काम पहले किसी सरकार ने नही किया। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण, हर वर्ग का कल्याण, उज्ज्वला योजना समेत कई अन्य योजनाओं का जिक्र कर मिशन लोकसभा के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि अंत्योदय के लिए मैंने अपना सारा जीवन पार्टी को समर्पित किया है | उन्होंने कहा कि मैं हरियाणा के आठ लोकसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुका हूं और शीघ्र ही सोनीपत और अंबाला का दौरा भी करुंगा लेकिन जिस प्रकार लोगों का समर्थन मिल रहा है उससे यह बात दावे के साथ कही जा सकती है कि इस बार भी बीजेपी हरियाणा की 10 की 10 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। हरियाणा में लोकसभा की 10 सीट और एक करनाल विधानसभा सीट का भी उपचुनाव होगा। इन सभी सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार रिकॉर्ड मतों से जीतेंगे | उन्होंने कहा कि पार्टी चार स्तंभों पर टिकी हुई है। इनमें भारत की युवा शक्ति और महिला शक्ति, प्रगतिशील किसान शक्ति और मजदूर शक्ति शामिल है।
जनसभा के दौरान लोगों ने उन्हें पगड़ी पहनाई व गद्दा भेंट की। इस मौके पर राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, विधायक हरविंदर कल्याण, पूर्व विधायक रामफल चिड़ाना, जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मपाल जागलान, गजेंद्र सलूजा, प्रभारी लोकेश नागरू, जिला महामंत्री रोशन लाल माहला, पिछड़ा वर्ग जिला महामंत्री सतबीर पांचाल, सुनील परढाना, आशू शेरा, सत्यवान शेरा, राजेंद्र भादड व जसबीर टिटाना मौजूद रहे।