पानीपत/मतलौडा। कांग्रेस नेताओं ने मतलौडा अनाज मंडी में आयोजित जन आक्रोश रैली में नेताओं व कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कांग्रेस ने सरकार आने पर बुढ़ापा पेंशन छह हजार रुपये करने, कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना, गृहणियों के लिए 500 रुपये में गैस सिलिंडर, गरीबों को 100-100 गज के मुफ्त प्लॉट व 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की। रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पहुंचना था, लेकिन तीन राज्यों में अनुकूल परिणाम न आने के कारण वह नहीं पहुंचे। वे हाईकमान के निर्देश पर राजस्थान पहुंचे। ऐसे में रैली की बागडोर राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने संभाली।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि 2019 के चुनाव में भाजपा ने उनके खिलाफ चक्रव्यूह रचा था। इस बार वह किसी भी चक्रव्यूह में नहीं फंसेंगे और चौथी बार लोकसभा सांसद बनेंगे। 2024 से पहले कांग्रेस की हुड्डा सरकार के समय विकास दर, प्रतिव्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, खिलाड़ियों के मान-सम्मान में, किसानों के कल्याण और किसान हित में, गरीब कल्याणकारी योजनाओं में और आपसी भाईचारे में देशभर में एक नंबर पर था, लेकिन बीजेपी और बीजेपी-जेजेपी सरकार ने हरियाणा को बेरोजगारी, महंगाई, नशा, अपराध में नंबर वन बना दिया। आज न निजी सेक्टर में रोजगार है, न सरकारी क्षेत्र में। पक्की नौकरियों को कौशल निगम या अग्निवीर जैसी योजनाओं के जरिये कच्चा किया जा रहा है। हरियाणा की सरकारी भर्तियों में जो लिस्ट आ रही है, उसमें ज्यादातर दूसरे प्रदेशों के नौजवानों को हरियाणा की लिस्ट में जगह दी जा रही है। एसडीओ भर्ती में 80 में से 78 बाहर के चयनित हुए। एसडीओ इलेक्ट्रिकल में 99 में से 77 बाहर के, असिस्टेंट प्रोफेसर टेक्निकल की लिस्ट में 156 में से 103 बाहर के चयनित हुए। हरियाणा की सरकारी नौकरियों में तो ऐसा लगता है कि 75 प्रतिशत रिजर्वेशन बाहर के नौजवानों को दे दिया गया है। जजपा की दुकान बंद हो चुकी है। इनके पास ऐसी चाबी है, जो किसी ताले में फिट नहीं हो रही है।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने कहा कि भाजपा-जजपा जा रही है और कांग्रेस आ रही है। किसान आंदोलन में 750 किसानों की बलि लेने वाली सरकार, दिल्ली की सड़कों पर न्याय मांग रही हमारी खिलाड़ी बेटियों को सड़क पर घसीटने वाली सरकार, कर्मचारियों, सरपंचों, सफाई कर्मचारियों पर लाठी बरसाने वाली अहंकारी सरकार के पास धनबल, सत्ताबल, सरकारी तंत्र बल है, लेकिन हमारे पास जनता का आशीर्वाद है और हम आपके आशीर्वाद की ताकत से इस अहंकारी सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़कर जीतेंगे। हरियाणा को दोबारा विकास व खुशहाली के रास्ते पर लेकर जाएंगे। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से पिछले एक साल में करीब 34 विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसदों ने भाजपा, जजपा, इनेलो जैसी पार्टियों को छोड़कर कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है।
रैली में पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, विधायक जगबीर मलिक, विधायक जयवीर वाल्मीकि, विधायक भारत भूषण बतरा, विधायक बलबीर वाल्मीकि, विधायक धर्मसिंह छौक्कर, विधायक सुरेंद्र पंवार, विधायक सुभाष देशवाल, विधायक इंदुराज नरवाल, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, पूर्व विधायक परमिंदर ढुल, पूर्व विधायक महेंद्र कादियान, पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया, पूर्व विधायक नरेंद्र सांगवान, पूर्व विधायक सुल्तान सिंह जडोला, पूर्व विधायक जिलेराम शर्मा, पूर्व विधायक चौ. लहरी सिंह, प्रो. वीरेंद्र सिंह, बुल्ले शाह, अनिल मलिक, डॉ. हरिओम फुलिया, जयदीप धनखड़, खुशीराम जागलान, सचिन कुंडू, चाणक्य पंडित, दिव्यांशु बुद्धिराजा, पूर्व मेयर सुरेश वर्मा, कपूर नरवाल व जयदेव मलिक मौजूद रहे।