पानीपत। समाधान शिविर और यहां आने वाली शिकायतों को गंभीरता से न लेने अधिकारियों को डीसी ने दो टूक कहकर साफ शब्दों में चेतावनी दी है। उन्होंने चेताया कि अधिकारी समाधान शिविर में यदि समय पर नहीं पहुंचेंगे या फिर रूचि लेकर कार्य नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ न केवल कागजी कार्रवाई की जाएगी बल्कि उनकी तनख्वाह को भी रोक दिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कम से कम दरबार में आने वाली महिलाओं की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। उनके सामने वीरवार को करीब 153 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने जिला सचिवालय के द्वितीय तल स्थित हाल में वीरवार को समाधान शिविर के अंतर्गत लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के तुरंत समाधान के निर्देश दिए। इनमें अधिकतर महिला अपनी समस्या लेकर पहुंची। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि पूरा प्रशासन महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका निदान करने के लिए प्रयासरत है। अधिकारियों को इस तरफ ध्यान देने की भी जरूरत है।
समाधान शिविर में पहुंची वधावाराम कॉलोनी की सुधा भारती ने फैमिली आईडी से संबंधित समस्या रखी। इसके समाधान के तुरंत निर्देश दिए। आशा कुमारी ने बताया कि उसकी विधवा पेंशन है। चार महीने से पेंशन नहीं आ रही है। प्रशासन ने जांच कराई तो उसके बैंक खाते और आईएफएससी कोड में त्रुटि मिली। जिसका मौके पर ही समाधान किया गया। हरिनगर की नेहा ने बताया कि उन्होंने ईएसआई अस्पताल में मातृत्व अवकाश के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उपायुक्त ने इस पर संज्ञान लेने की बात कही। इसी कड़ी में सोनिया गोस्वामी ने रि-अलाटमेंट से संबंंधित अपनी अर्जी दी। जिस पर उपायुक्त ने गंभीरता से कार्य करने की बात कही।
बॉक्स
जाटल रोड पर पेयजल की समस्या दरबार में पहुंची
जाटल रोड की ज्योति, शीला, रेखा, पूजा, सीमा ने पानी की समस्या को लेकर प्रशासन के सामने अपनी समस्या रखी। जिस पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विकास नगर की ईश्वर देवी ने बताया कि उसकी बहू ने उसके मकान पर कब्जा कर रखा है। जिस कारण उसको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर निगम आयुक्त साहिल गुप्ता, एसडीएम मनदीप सिंह, सीईओ जिला परिषद गौरव कुमार, सीएमओ डॉ. जयंत आहुजा, डीआरओ विजय सुल्तानिया और नायब तहसीलदार अस्तित्व पराशर मौजूद रहे।