समालखा। महिला से छेड़छाड़ की झूठी शिकायत से आहत होकर जहरीला पदार्थ खाने वाले आढ़ती की सोमवार को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे पहले आढ़ती ने सुसाइड नोट में कुछ किसानों पर 90 लाख रुपया बकाया नहीं चुकाने का आरोप लगाया है। साथ ही रुपये वापस मांगने पर एक किसान की ओर से पत्नी के माध्यम से शिकायत कराने की बात लिखी है। सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने आरोपी किसानों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
समालखा की गांधी काॅलोनी निवासी आढ़ती की पत्नी सीमा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसके पति विनोद कुमार की अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है, जिस पर किसान अपनी फसल डालते रहे हैं। इसके एवज में कुछ किसानों ने पति से लाखों रुपये कर्ज लिया है। पिछले काफी समय से किसान कर्ज लौटाने में आनाकानी कर रहे थे। इतना ही नहीं अब वे किसान अपनी फसल भी दूसरी दुकान पर डालने लगे थे, जिससे विनोद मानसिक रूप से परेशान रहने लगे। उसने आरोप लगाया कि कुछ किसानों ने उधार मांगने पर उसके पति पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत दे रखी है, जिससे आहत होकर उसके पति ने अपनी जीवन लीला खत्म की है। आढ़ती विनोद कुमार ने सुसाइड नोट में पुलिस के एक अधिकारी पर समझौता कराने के एवज में पैसे मांगने का भी आरोप लगाया है, हालांकि उसकी पत्नी सीमा देवी ने शिकायत में पुलिस पर आरोप नहीं लगाए हैं। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि विनोद कुमार ने पैसे के लेनदेन के चलते आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही सुसाइड नोट को जांच के लिए लैब में भेजा गया है। वहीं आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।